Bhopal News: भोपाल के संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन को आधिकारिक रूप से भोपाल का दूसरा जंक्शन घोषित कर दिया गया है. इस संबंध में आदेश भी जारी हो चुके हैं. इस महत्वपूर्ण सौगात पर हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हुजूर विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगी और इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी.
व्यापार और परिवहन को मिलेगा बड़ा लाभ
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जंक्शन बनने के बाद संत हिरदाराम नगर की व्यापारिक पहचान को और मजबूती मिलेगी. कई क्षेत्रों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से आवागमन और परिवहन अधिक सुगम होगा. साथ ही ट्रेन सुविधाओं के विस्तार से रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा.
नागरिक सुविधाओं के खुलेंगे नए रास्ते
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह सौगात संत नगर के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी और नागरिक सुविधाओं के नए आयाम स्थापित करेगी. विधायक ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भोपाल सांसद आलोक शर्मा का आभार जताया.
विधायक के प्रयासों से मिली बड़ी सफलता
जानकारी के अनुसार, विधायक रामेश्वर शर्मा के प्रयासों से ही संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन को रतलाम डीआरएम से शिफ्ट कर भोपाल डीआरएम में शामिल किया गया था. उनकी सक्रियता के चलते ही स्टेशन का नाम ‘बैरागढ़ स्टेशन’ से बदलकर ‘संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन’ किया गया था. इसके अलावा विधायक की पहल पर अमृत स्टेशन योजना के तहत अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है.
जंक्शन बनने से विकास को मिलेगी रफ्तार
अब जंक्शन का दर्जा मिलने के बाद यह क्षेत्र विकास और व्यापारिक प्रगति के लिहाज से बड़ी उपलब्धि हासिल करेगा. क्षेत्र में जंक्शन बनने से बेहतर कनेक्टिविटी विकसित हाेगी, ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, व्यापार और रोजगार के अवसरों में विस्तार होगा और क्षेत्र का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा.
ये भी पढे़ं- नौगांव देश की सबसे गर्म जगहों में से एक, 1 हफ्ते से बरस रही आग! पारा 47 डिग्री के पास; मोबाइल भी नहीं कर रहे काम
