Vistaar NEWS

शहडोल में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, चंगेरा में खनिज विभाग ने की छापेमारी, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कोयला जब्त

Shahdol Illegal mining coal and tractor Seized mining department action

शहडोल: अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई

MP News (शहडोल से कैलाश लालवानी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में कोयले के अवैध खेल पर खनिज विभाग ने बड़ा प्रहार किया है. बुढार थाना क्षेत्र के चंगेरा गांव में छापेमारी कर न सिर्फ अवैध कोयला खदानों को बंद कराया गया, बल्कि मौके से कोयला और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर कोल माफिया की कमर तोड़ने की कोशिश की गई. फिलहाल जब्त कोयला और वाहन को थाना बुढार की अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की जांच जारी है. अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, साथ ही लोगों से भी इस तरह की गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है.

कोयला जब्त किया गया

जिले के बुढार थाना क्षेत्र के चंगेरा में गुफानुमा खतरनाक गड्ढों के जरिए अवैध उत्खनन किया जा रहा था. ये गड्ढे न सिर्फ गैरकानूनी थे बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते थे. खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन खदानों को बंद कराया और अवैध रूप से निकाले गए कोयले को जब्त कर थाना बुढार की अभिरक्षा में रखवा दिया. कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे, उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोग बोरियों में कोयला निकालकर आसपास के ईंट-भट्टों में बेच रहे थे, जिससे यह अवैध कारोबार लंबे समय से जारी था. टीम ने निरीक्षण के दौरान अन्य छोटे-छोटे गड्ढों को भी बंद कराया,खनिज विभाग के इस कार्रवाई से कोल माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.

ये भी पढ़ें: ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 30 मवेशी, शहडोल से कानपुर के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था, पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार

कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

वहीं, इस मामले में खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि बुढार के चंगेरा में कोयले की अवैध खदान संचालित होने की लगातार शिकायत प्राप्त हो रही थी. जिस पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कोयले को जब्त कर लिया गया है. इसके साथ ही अवैध कोयले के गड्ढों को भी बंद कराया गया है. अधिकारी ने कहा कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

Exit mobile version