ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 30 मवेशी, शहडोल से कानपुर के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था, पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार
शहडोल: पशु तस्करी के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार
MP News (शहडोल से कैलाश लालवानी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के शहडोल में पुलिस की इंसानियत और कानून ने मिलकर मौत की साजिश को नाकाम कर दिया है. जिले की सीधी थाना पुलिस ने एक सटीक कार्रवाई करते हुए उन 30 बेजुबान मवेशियों को बचा लिया, जिन्हें बेरहमी से ट्रकों में ठूंसकर कानपुर के कत्लखानों की ओर ले जाया जा रहा था. मवेशियों को छुड़ाकर पुलिस ने न सिर्फ बड़ा खुलासा किया, बल्कि तस्करों के मंसूबों पर भी करारा प्रहार किया. फिलहाल सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. हत्यारों के कब्जे से मुक्तबकराए गए बेजुबांन एवं जब्त वाहनों की कीमत 45 लाख रुपये बताई जा रही है.
4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने नाकेबंदी कर दो आयशर ट्रकों को पकड़ा है, जिनमें क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 25 पड़ा भैंस के बच्चे और 5 भैंसों को मुक्त कराया. इस मामले में पुलिस ने दो चालकों सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
मवेशियों के हाथ-पैर बांधे गए थे
सीधी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो सफेद रंग के ट्रक कुदरी और अमझोर की तरफ से अवैध रूप से मवेशियों को लेकर ब्यौहारी के रास्ते उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित बूचड़खानों की ओर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुदरी के पास ओदारी नदी पुल पर घेराबंदी कर दी. जब पुलिस ने संदिग्ध ट्रकों (MP53ZC3560 और UP96T6706) को रोकने का प्रयास किया, तो चालकों ने उन्हें कच्ची सड़क पर मोड़कर भागने की कोशिश की. घेराबंदी कर जब ट्रकों की तलाशी ली गई, तो पुलिस दंग रह गई. ट्रकों के अंदर मवेशियों के सिर और पैर रस्सी से एक साथ सटाकर बांधे गए थे ताकि वे खड़े न हो सकें. गंदगी के बीच तड़प रहे इन मवेशियों के लिए हवा और पानी का कोई इंतजाम नहीं था.
ये भी पढ़ें: Mauganj: खाकी वर्दी ने निभाया फर्ज, थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी ने गहरे कुएं में उतरकर बचाई बेजुबान की जान
15 लाख के मवेशी जब्त
पुलिस ने चालक अली असगर (निवासी इलाहाबाद) और सनी साकेत (निवासी सतना) को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ट्रक मालिक मोबिन खान और सौरभ जायसवाल के कहने पर इन पशुओं को कानपुर ले जा रहे थे. पुलिस ने 15 लाख रुपये मूल्य के मवेशी और 30 लाख रुपये कीमत के दोनों ट्रक जब्त कर लिए हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मध्य प्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मुक्त कराए गए मवेशियों को फिलहाल स्थानीय गौशाला की सुपुर्दगी में दिया गया है.