Vistaar NEWS

श्योपुर: तहसीलदार खींचती रहीं फोटो, दर्द से कराहता रहा शिकायतकर्ता, जनसुनवाई में जहर खाने वाले शख्स की मौत

sheopur man consumes poison during public hearing Dies after treatment

श्योपुर: जनसुनवाई के दौरान शख्स से खाया जहर

MP News: (हेमकुमार तिवारी की रिपोर्ट) श्योपुर जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार (26 मई) को एक दर्दनाक घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक वृद्ध व्यक्ति ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई. आरोप है कि वृद्ध जमीन पर तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने तत्काल मदद बुलाने के बजाय मोबाइल से फोटो खींचना शुरू कर दिया और उससे सवाल-जवाब करती रहीं. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश फैल गया है.

रिश्तेदारों ने हड़प ली थी दुकान

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान देवेंद्र गोयल निवासी श्योपुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि देवेंद्र गोयल लंबे समय से अपनी दुकान पर कब्जे को लेकर परेशान थे. उन्होंने अपने रिश्तेदारों पर दुकान हड़पने का आरोप लगाया था. पीड़ित ने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनसुनवाई में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन लगातार अनसुनी होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था.

तहसीलदार खींचती रहीं फोटो

जनसुनवाई में पहुंचे देवेंद्र गोयल ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया. जहरीला पदार्थ खाने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और वे जमीन पर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आरोप है कि प्रशासनिक संवेदनशीलता दिखाने के बजाय तहसीलदार द्वारा पहले मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाए गए. इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और वृद्ध को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

ये भी पढ़ें: मऊगंज: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला, युवक-युवती के शव कुएं में मिलने से मची सनसनी

इलाज के दौरान हुई मौत

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देवेंद्र गोयल की मौत हो गई. घटना के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है. कई लोगों ने तहसीलदार पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. वहीं कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील भी की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

उधर, कोतवाली थाना प्रभारी सत्यम गुर्जर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. घटना ने जनसुनवाई व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

Exit mobile version