मऊगंज: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला, युवक-युवती के शव कुएं में मिलने से मची सनसनी
फाइल फोटो
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के अकौरी गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक कुएं से युवक और युवती के शव बरामद किए गए. दोनों रिश्ते में बाबा और पोती बताए जा रहे हैं, जिसके बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा और रहस्य का विषय बन गया है. घटना ने रिश्तों, सामाजिक दबाव और प्रेम प्रसंग को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कुएं के बाहर मिला मोबाइल, सिंदूर और संदिग्ध सामान
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सुबह कुएं के पास मोबाइल फोन, सिंदूर और कुछ संदिग्ध सामान पड़ा देखा. अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची नईगढ़ी थाना पुलिस और रामपुर चौकी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की, जहां से युवक और युवती के शव बाहर निकाले गए. शव मिलते ही पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया.
मृतकों की पहचान, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
मृतका की पहचान 17 वर्षीय रेशमा साकेत और मृतक की पहचान 24 वर्षीय शिवकुमार साकेत के रूप में हुई है. दोनों अकौरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. घटनास्थल से मिले सामान के बाद गांव में प्रेम प्रसंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं. ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि दोनों लगातार संपर्क में थे और परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था.
पहले भी घर से लापता हो चुकी थी युवती
मामले में सबसे अहम तथ्य यह सामने आया है कि मृतका रेशमा कुछ दिन पहले भी घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने 20 मई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. पुलिस ने 23 मई को उसे दस्तयाब कर परिवार को सौंप दिया था. लेकिन सोमवार रात वह फिर अचानक घर से गायब हो गई और मंगलवार सुबह उसका शव कुएं में मिला.
हत्या, आत्महत्या या हादसा? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
इधर मृतक के परिजनों ने शव पर चोट के निशान होने का दावा किया है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या दोनों ने सामाजिक दबाव के चलते आत्मघाती कदम उठाया, या फिर यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हादसा और हत्या तीनों पहलुओं पर जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
पुलिस अधिकारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल अकौरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, लेकिन इस डबल डेथ मिस्ट्री ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है.
बड़ा सवाल अब भी बरकरार
क्या यह सामाजिक बंधनों में उलझे प्रेम का दर्दनाक अंत है? या फिर मौत के इस कुएं में कोई ऐसा राज दफन है, जिसका खुलासा अभी बाकी है?