Vistaar NEWS

इंदौर में महापौर पास योजना हुई बंद, छात्रों को हर महीने 200 की जगह देने होंगे 600 रुपये

File Photo.

File Photo.

Indore News: इंदौर में सिटी बस में महापौर पास योजना को बंद कर दिया गया है. अब तक हर महीने जिस पास के लिए 200 रुपये देने पड़ते थे, अब उसके लिए 600 रुपये देने पड़ेंगे. इस योजना के खत्म होने से सिटी बस में सफर करने वाले छात्रों, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ा झटका लगा है. अब उनके ऊपर हर महीने आर्थिक बोझ बढ़ गया है.

नगर निगम ने बंद की आर्थिक सहायता

दरअसल अब तक महापौर पास योजना के लिए नगर निगम की तरफ से आर्थिक सहायता दी जाती थी. लेकिन अब नगर निगम ने आर्थिक सहायता को रोक दिया है. ये आर्थिक मदद डेढ़ से पौने 2 करोड़ के बीच में होती थी. जिसके कारण अब मासिक पास के शुल्क में बढ़ोत्तरी की गई है. इंदौर में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसिस लिमिटेड (AICTSL) के संचालन में बदलाव किया गया है. जिसके साथ ही पास के शुल्क में बढ़ोत्तरी का भार छात्रों के अभिभावकों को उठाना पड़ेगा.

छात्रों को 50 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा

दरअसल MP यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का गठन किया गया. इसका गठन मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के तहत हुआ है. अब AICTSL का दायरा केवल इंदौर नगर निगम तक सीमित ना होकर संभागों के 8 जिलों तक फैल जाएगा. वहीं AICTSL का दायरा बढ़ने के साथ ही 1700 नई बसों के संचालन की तैयारी है.

हालांकि संबंधित अधिकारियों का कहना है कि महापौर बस योजना बंद होने के बावजूद छात्रों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को अभी भी 50 प्रतिशत छूट मिलेगी. अधिकारियों ने बताया कि मासिक बस का किराया 1200 रुपये है और 50 प्रतिशत छूट के बाद ये किराया लगभग 600 रुपये हो जाएगा. हालांकि जानकारों का कहना है कि अगर अभी भी नगर निगम तरफ से आर्थिक सहायता दी जाती है, तो महापौर बस सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है, जिससे छात्रों को 200 रुपये में ही मासिक पास मिल सकेगा.

ये भी पढे़ं: बलात्कार पीड़िता को 10 हफ्ते के गर्भ को समाप्त करने की HC ने दी परमिशन, घर से ले जाकर युवती के साथ किया था दुष्कर्म

Exit mobile version