MP में गर्मी को देखते हुए टीचर्स को राहत, ग्रीष्मकालीन छुट्टी 7 जून तक बढ़ाई गई; 15 जून को छात्रों का खत्म होगा समर वेकेशन
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने टीचर्स को बड़ी राहत दी है. शिक्षा विभाग ने टीचर्स की छुट्टियों को 7 जून तक बढ़ा दिया है. इससे प्रदेश के 4 लाख शिक्षकों को राहत मिली है. अब तक समर वेकेशन 31 मई तक थी. स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिया है.
दीपावली समेत शीतकालीन छुट्टियां पहले जैसी रहेंगी
रविवार को प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने टीचर्स की छुट्टियों को लेकर आदेश जारी किया है. इस आदेश में बताया गया है कि प्रेदश में इस समय काफी तेज गर्मी और हीटवेव की स्थिति है. इसके कारण कई जिलों में 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा का तापमान दर्ज किया गया है. ग्रीष्मकालीन अवधि में ही टीचर्स जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं के संबंधित कार्य संपादित कर रहे हैं. ऐसे में परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए और टीचर्स के हेल्थ का धायन रखते हुए टीचर्स की छुट्टियां बढ़ाई जा रही हैं.
हालांकि आदेश में ये भी बताया गया है कि दशहरा, दीपावली और शीतकालीन छुट्टियां पहले की तरह ही रहेंगी.
4 लाख टीचर्स को मिलेगी राहत
स्कूल शिक्षा मंत्री के इस फैसले से मध्य प्रदेश के करीब 4 लाख टीचर्स को राहत मिलेगी. इसके पहले भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच टीचर्स की ड्यूटी जनगणना के काम में लगाई गई थी. इसके अलावा बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित काम में शिक्षक व्यस्त थे.
जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित कार्यों के चलते इस बार एमपी के टीचर्स का काम बढ़ गया था और उनकी छुट्टियां कम हो गई थीं. इसको देखते हुए शिक्षा विभाग ने ये फैसला लिया है. इसके पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रीष्मकालीन छुट्टियां 15 जून तक बढ़ाई जा सकती हैं. हाालंकि पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला है, जिसके बाद फिलहाल टीचर्स की 7 दिनों तक ही छुट्टियां बढ़ाई गई हैं.
ये भी पढे़ं: कभी ‘बंदूक के साए’ में होता था तेंदूपत्ता व्यापार, बालाघाट में नक्सलमुक्त होने के बाद 45 करोड़ के कारोबार का अनुमान