MP News: एमपी में बजट सत्र के दौरान विधायकों की टेबल पर रखे जाएंगे टैबलेट, राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन के माध्यम से लागू होगी व्यवस्था
मध्य प्रदेश् विधानसभा
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा के कामकाज को डिजिटल बनाने की दिशा में नया कदम उठाया जा रहा है. आगामी बजट सत्र से विधायकों की मेज पर टैबलेट रखे जाएंगे. यह व्यवस्था राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (NEVA) के तहत लागू की जा रही है. शुरूआत में विधायकों को टैबलेट के जरिए बजट से जुड़े दस्तावेज देखने की सुविधा मिलेगी. हालांकि, टैबलेट का पूरा उपयोग बाद के सत्रों में किया जाएगा, क्योंकि अधिकांश विधायकों को इसके इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षण दिया जाना है.
विधानसभा में बजट सत्र के पहले पूरी होगी सभी तैयारियां
अधिकारियों ने बताया कि विधायकों की मेज पर टैबलेट लगाने के लिए बिजली कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है और बजट सत्र से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी. बता दें, कि देश के कई राज्यों में पहले ही यह व्यवस्था लागू हो चुकी है. इससे कागज की खपत कम होगी और विधानसभा का कामकाज तेज, आसान और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा.
टैबलेट में अधिकतर सामग्री हिंदी भाषा में होगी
हिंदी से अंग्रेजी में अनुवाद की सुविधा मिलेगी. सवालों और कार्यसूची को खोजने का विकल्प होगा. साथ ही माइक्रोफोन की मदद से बोलकर सर्च किया जा सकेगा. पासवर्ड से कहीं से भी NEVA सॉफ्टवेयर एक्सेस किया जा सकेगा. विधानसभा अधिकारियों के अनुसार, चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस बजट सत्र के बाद विधायकों को विधानसभा के कामकाज में टैबलेट का व्यापक उपयोग कैसे किया जाए यह भी बताया जाएगा.
ऐसा होगा ई-विधानसभा
सदन में प्रत्येक सदस्य की सीट पर लगी डिजिटल स्क्रीन से विधायकों को जिस विषय पर जानकारी चाहिए, वह सिंगल क्लिक पर मिलेगी. प्रश्नकाल में प्रश्न और उनके उत्तर स्क्रीन पर उपलब्ध होंगे. ई-विधान परियोजना को लागू करने का पूरा काम राष्ट्रीय सूचना केंद्र की देखरेख में किया जाएगा. नेवा परियोजना के तहत देश की सभी विधानसभाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा है. विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कार्यवाही के दौरान कागज पर खर्च होने वाले करोड़ों रुपए प्रतिवर्ष बचेंगे.
ये भी पढे़ं- MP News: MBBS छात्रा की भोपाल में रहस्यमयी हालात में मौत, हॉस्टल में मिली लाश, एसिड की बोतल पड़ी थी