ट्विशा मौत मामले में गिरिबाला सिंह को कल कोर्ट में पेश करेगी CBI, 4 घंटे की पूछताछ के बाद किया था गिरफ्तार
गिरिबाला सिंह और ट्विशा शर्मा(File Photo)
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई की टीम ने गुरुवार 28 मई को सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान उनके कटारा हिल्स स्थित घर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में गिरिबाला सिंह और समर्थ को कोर्ट में पेश करेगी. दोनों की रिमांड लेने को लेकर सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई होगी.
कल कोर्ट में पेश करेगी सीबीआई
बताया जा रहा है कि सुबह 11:00 सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश करेगी. सीबीआई 3 दिन की कोर्ट से रिमांड मांग सकती है. इस मामले में कल समर्थ सिंह की खत्म पुलिस रिमांड होगी. आज सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को किया है गिरफ्तार ,जिसके चलते कल कोर्ट में पेश किया जाएगा.
चार घंटे की पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार
ट्विशा शर्मा मौत मामले में हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. आज जांच एजेंसी की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची, जहां उनसे चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद गिरिबाला सिंह का मेडिकल परीक्षण भोपाल एम्स में कराया गया, अब कल उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.
भोपाल में होगा CBI का इन्वेस्टिगेशन कैंप
मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI अब भोपाल में अपना इन्वेस्टिगेशन कैंप स्थापित करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए एजेंसी ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है. CBI को ऐसा कार्यालय दिया जाएगा, जहां केस से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें.
12 मई को हुई थी मौत
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी भोपाल के कटारा हिल्स में रहने वाले समर्थ सिंह से हुई थी, जो पेशे से वकील हैं. 12 मई को ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि ट्विशा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप ससुराल पक्ष पर लगाए हैं. इसी मामले की जांच अब CBI कर रही है.