बकरीद से पहले बकरियों की ‘हाईटेक चोरी’, अल्ट्रोज कार से आए बदमाश, दाना खिलाने के बहाने 10 मवेशियों को ले उड़े
खंडवा में अल्ट्रोज कार से 20 बकरियों की चोरी.
Input- शेख शकील
MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा में पशु चोरों ने अब हाईटेक तरीका अपना लिया है. बकरीद से पहले पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर फिल्मी स्टाइल में बकरी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नीले रंग की टाटा अल्ट्रोज कार से आए बदमाशों ने पहले बकरियों को दाना खिलाकर फुसलाया, फिर एक-एक कर 8 से 10 बकरियों को कार में भरकर फरार हो गए. पूरी वारदात मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
हाथ में दाना लेकर एक-एक कर बकरियों को बुलाया
घटना शनिवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की है. सब्जी मंडी में रोज की तरह पशुपालकों की बकरियां खुले में घूम रही थीं. इसी दौरान एक नीली अल्ट्रोज कार मंडी में पहुंची. कार में बैठे बदमाशों ने ट्रकों की आड़ लेकर अपनी गाड़ी खड़ी की. फिर दो बदमाश नीचे उतरे और हाथ में दाना लेकर बकरियों को बुलाने लगे.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि जैसे ही बकरियां दाना खाने पास आईं, एक बदमाश ने फुर्ती से बकरी को उठाया और कार की बीच वाली सीट पर डाल दिया. कार में पहले से बैठे साथी बकरी को पकड़ लेते हैं. इसी तरह 5 से 6 मिनट में बदमाशों ने 8 से 10 बकरियों को कार में ठूंस लिया और तेजी से मौके से निकल गए.
‘CCTV खंगाला तो पैरों तले जमीन खिसक गई’
बुरहानपुर नाका निवासी पीड़ित शुभम यादव के बताया, ‘रोज बकरियों को मंडी क्षेत्र में छोड़ देता हूं. शाम तक वो खुद घर आ जाती थीं. शनिवार शाम जब बकरियां नहीं लौटीं तो तलाश शुरू की. सीसीटीवी देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई. बदमाश कार से आए और पलभर में बकरियां ले गए. मेरी 8 बकरियां चोरी हुई हैं.’
घटना के बाद सब्जी मंडी के पशुपालकों में दहशत है. लोगों का कहना है कि पहले भी कार से बकरी चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस बार बदमाशों का तरीका बेहद शातिर था. दाना खिलाकर पशुओं को फंसाना और लग्जरी कार का इस्तेमाल चौंकाने वाला है. पुलिस शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट के फुटेज भी खंगाल रही है.
ये भी पढ़ें: ‘बड़वानी में बिना फिल्टर पानी पीने लायक नहीं’, NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने नर्मदा की जल गुणवत्ता पर उठाए सवाल