रायसेन में कुएं में पानी भरने गईं तीन आदिवासी लड़कियां डूबी, एक-दूसरे को बचाने में तीनों की मौत

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने तीन आदिवासी छात्राओं की जान ले ली. शनिवार को तीनों बच्चियां भरी दोपहर में एक किलोमीटर दूर कुएं में पानी लेने गई थीं.
Three tribal girl students died after drowning in a well in Raisen.

रायसेन में कुएं में डूबने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई.

Input- विजय राठौर

MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने तीन आदिवासी छात्राओं की जान ले ली. शनिवार को तीनों बच्चियां भरी दोपहर में एक किलोमीटर दूर कुएं में पानी लेने गई थीं. इस दौरान एक लड़की कुएं में गिर गई. एक को बचाने में दूसरी और दूसरे को बचाने में तीसरी. इस तरह एक-दूसरे को बचाने में तीनों लड़कियों की कुएं में डूबकर मौत हो गई.

पानी की कमी के कारण कुएं पर गई थीं

पूरा मामला गैरतगंज तहसील के अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़ी के ग्राम सगौर का है. यहां तीन आदिवासी बच्चियों की कुएं में डूबने से हुई मौत ने जलसंकट को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां भीषण गर्मी में गांव में पानी की कमी के कारण लोग कुएं के पानी का उपयोग करने लिये मजबूर है. शनिवार सुबह करीब 11 बजे सगौर गांव की रहने वाली कुमारी राधा(12), कुमारी अमृता(12) और कुमारी तनु(13) गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं. बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं. इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और उसे बचाने की कोशिश में अन्य दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं. देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं.

हैंडपंप खराब होने के कारण एक किलोमीटर दूर जाना पड़ता है

जानकारी के मुताबिक गांव में लगभग एक हजार लोग रहते हैं. कुछ हैंडपंप भी लगे हैं. लेकिन उनमें अधिकतर खराब हैं, जिसके कारण गांव वालों को एक किलोमीटर दूर कुएं में पानी भरने जाना पड़ता है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल गैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर है. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं: बीच सड़क पर कार का गेट खोला, बाइक सवार टकराकर कंटेनर के नीचे चले गए; मुरैना में 2 की मौत, एक की हालत गंभीर

ज़रूर पढ़ें