रतलाम में ‘लुटेरी दुल्हन’ एक महीने बाद फरार, मैरिज ब्यूरो के जरिए करवाई शादी, आधी रात कैश-जेवर लेकर भागी

युवक ने जब सुमन के पहचान पत्र की जांच करवाई तो उसका कुछ पता नहीं चल सका. प्रितेश का कहना है कि नाम और पता सभी फर्जी मिला है. वहीं नंदू और विकास ने जिस ब्यूरो को चलाने का दावा किया था, वो भी झूठा निकला. उन दोनों का भी कोई पता नहीं चल रहा है.
Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

Ratlam News: रतलाम में मैरिज ब्यूरो के जरिए जाल में फंसाकर एक युवक से शादी के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है. रतलाम के एक युवक को यूपी में लड़की दिखाकर शादी करवाई गई. जिसके बाद लगभग एक महीने तक घर में भी आकर रूकी. इस दौरान घर की स्थिति जानने के बाद लाखों के कैश और जेवर लेकर रात दो बजे फरार हो गई.

मैरिज ब्यूरो के जरिए जाल में फंसाया

पूरा मामला थाना स्टेशन रोड इलाके का है. बड़ी सरवन के रहने वाले प्रितेश रेगा की घरवाले शादी करने के लिए एक अच्छी लड़की ढूंढ रहे थे. काफी कोशिश के बाद भी शादी के लिए लड़की नहीं मिल सकी. रिश्तेदारों से भी कहा लेकिन कहीं बात नहीं बनी. इस दौरान प्रितेश की मुलाकात जावरा के ग्राम नादवेल रहने वाले नंदू उर्फ नंदलाल से हुई. नंदू ने बताया कि वह अपने दोस्त विकास बोरी के साथ मिलकर मैरिज ब्यूरो चलाता है. खासतौर पर जिन युवाओं की शादी होने में परेशानी होती है, उनके लिए जोड़ी की दुल्हन ढूंढने का काम करते हैं. जिसके बदले में वे अपनी एक तय फीस लेते हैं.

इसके बाद नंदू और विकास ने प्रितेश को कई लड़कियों की व्हाट्सएप पर फोटो दिखाई, लेकिन नंदू की बातों पर प्रितेश को भरोसा नहीं हो रहा था. व्हाट्सएप पर जो फोटो दिखाई जा रही थीं, उनको देखकर प्रितेश के मन में शक था. काफी कोशिशों के बाद भी जब प्रितेश को भरोसा नहीं हुई तो उन्होंने लड़के घर जाकर दुल्हन दिखाने की बात कही.

UP के चंदौली जाकर लड़की दिखवाई

इसके बाद विवेक प्रितेश को लड़की दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश के चंदौली ले गया. इस दौरान प्रितेश के जीजा प्रमोद मंडावरिया भी उसके साथ गए. यहां सुमन नाम की एक युवती को दिखाया गया, जो प्रितेश को पसंद आ गई. इसके बाद परिवार की उपस्थिति में 4 मई 2025 को प्रितेश और और सुमन की शादी रतलाम में हुई..

शुरू में तो सब कुछ अच्छा चली. सुमन प्रितेश के घरवालों से घुलमिल गई. इस दौरान घर में कहां जेवर और कैश रहता है, उसने सभी चीजों का पता चला लगा लिया. इतने दिनों तक तलाश के बाद बहू मिलने के बाद घर वाले भी बहुत खुश थे. घरवाले सुमन पर भरोसा करने लगे. लेकिन लगभग एक महीने बाद 6 मई 2025 को जब घर में सभी लोग सो रहे थे, तभी आधी रात को सुमन घर के लाखों के सभी जेवर और कैश लेकर फरार हो गई. प्रितेश का कहना है कि इस शादी के लिए नंदू और विवेक ने चार लाख रुपये मांगे थे. प्रितेश ने 3-4 बार में लगभग पौने चार लाख रुपये यूपीआई और एकाउंट में ट्रांसफर भी किए थे.

नाम-पता सब निकला फर्जी

काफी दिनों तक प्रितेश के घरवाले कुछ समझ ही नहीं सके. जब उन्होंने सुमन के पहचान पत्र की जांच करवाई तो उसका कुछ पता नहीं चल सका. प्रितेश का कहना है कि नाम और पता सभी फर्जी मिला है. वहीं नंदू और विकास ने जिस ब्यूरो को चलाने का दावा किया था, वो भी झूठा निकला. उन दोनों का भी कोई पता नहीं चल रहा है.

इसके बाद प्रितेश ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत की है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है. मामले में जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढे़ं: ‘टिकट काटने की आशुतोष की क्षमता नहीं है’, नरोत्तम मिश्रा बोले- जिसने किया है, उनसे बात करूंगा


ज़रूर पढ़ें