जब कुत्ता ही बन गया चोर! मंदसौर अस्पताल से चुराए 4 लाख के गहने, पुलिस ने खोज निकाला
मंदसौर: जिला अस्पताल से कुत्ते ने चुराया गहनों से भरा बैग
Mandsaur News: मंदसौर जिला अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. इलाज के लिए पहुंचे मरीज के परिजन का गहनों से भरा बैग एक कुत्ता उठाकर भाग गया. बैग में करीब 4 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात रखे हुए थे. जानकारी के अनुसार घटना सोमवार (24 अगस्त) सुबह करीब 4 बजे की है. मरीज के परिजन जिला अस्पताल परिसर में मौजूद थे, इसी दौरान एक कुत्ता उनका बैग उठाकर वहां से भाग गया. बैग गायब होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने गहनों से भरा बैग तलाशा
शहर कोतवाली थाना पुलिस ने जिला अस्पताल और आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल. फुटेज में कुत्ते द्वारा बैग ले जाने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के CCTV कैमरों की मदद से कुत्ते की लोकेशन ट्रेस करते हुए गहनों से भरा बैग ढूंढ निकाला और बैग में रखे जेवरात बरामद कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया. समय रहते बैग और जेवरात बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली.
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वहीं, घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों के लगातार विचरण करने से मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है. लोगों का कहना है कि समय रहते आवारा कुत्तों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो ये किसी बड़ी घटना को भी अंजाम दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें: Mandsaur News: मंदसौर में आरोपी बाप-बेटा चकमा देकर फरार, पुलिस सागर से गुरुग्राम ले जा रही थी
पुलिस का क्या कहना है?
सिटी कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली लता बाई अपने बेटे के इलाज के लिए जिला अस्पताल आई थीं. उन्होंने अपने इलाजरत बेटे के पास गहनों का बैग रखा था, जो सुबह के समय वहां नहीं मिला. इस मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को दी. प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने सीसीटीवी खंगाला तो पता चला कि सुबह 4 बजे एक कुत्ता अस्पताल में आता दिखाई दे रहा है और बैग ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. जब लता बाई से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि बैग में अंडे और बिस्किट रखे थे.