Bhopal: काली मंदिर के बाहर बोरे में मिले मवेशी के अवशेष, हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम

Bhopal: भोपाल में देर रात काली मंदिर के बाहर एक सफेद बोरे में मवेशी के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने चक्काजाम किया.
Protest by Hindu Organizations in Bhopal

भोपाल में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

Bhopal News: भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात काली मंदिर के बाहर एक सफेद बोरे में मवेशी के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई. घटना की जानकारी मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और इसे गोवंश के अवशेष बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी और धरने पर बैठ गए.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. करीब डेढ़ घंटे तक चले विरोध के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खत्म कर दिया.

मामले में सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

इस मामले में भानु हिंदू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी

संगठन के प्रमुख भानू हिंदू का कहना है कि बोरे में मिले अवशेषों से प्रतीत होता है कि गोवंश की हत्या कर उसे मंदिर के बाहर फेंका गया, जिससे शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. वहीं संगठन के जिलाध्यक्ष शुभम पांचाल ने भी प्रशासन से तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर फिर से सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा.

एडिशनल डीसीपी ने दिया आश्वासन

घटना की सूचना पर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी भी मौके पर पहुंचे. एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. तिवारी ने इस पूरे घटनाक्रम को नवरात्रि के दौरान शहर का माहौल खराब करने की साजिश बताया और पुराने शहर में देर रात तक खुलने वाली दुकानों पर भी सवाल उठाए.

ये भी पढे़ं- MP News: सिंहस्थ महाकुंभ महापर्व के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर 13 अखाड़ो में दो फाड़, श्री पंच रामानंदीय निर्वाणी अखाड़े में आयोजित हुई बैठक

ज़रूर पढ़ें