MP News: हाथ-पैर बांधकर मुंह में ठूंस कपड़ा, मऊगंज में महिला की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम
मऊगंज में महिला की हत्या
MP News: मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुती सेंगरान गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर बंधी हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
कमरे के भीतर पड़ा था महिला का शव
मृतिका की पहचान उमा सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली रहती थी. जब आसपास के लोगों को लंबे समय तक घर से कोई हलचल दिखाई नहीं दी तो संदेह होने पर अंदर जाकर देखा गया. कमरे का नजारा देखकर लोगों के होश उड़ गए.
महिला का शव कमरे के भीतर पड़ा था और उसके दोनों हाथ-पैर पीछे की ओर रस्सी से कसकर बंधे हुए थे. इतना ही नहीं, मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था तथा चेहरे और नाक को भी कपड़े से कसकर बांधा गया था. घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या को बेहद क्रूर और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है.
महिला ने की थी दूसरी शादी
जानकारी के मुताबिक, मृतिका के पहले पति की मौत हो चुकी थी. करीब दो महीने पहले ही उसने नरैनी निवासी राजन सिंह से दूसरी शादी की थी. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है.
पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही SDOP सहित नईगढ़ी थाना पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. वहीं FSL टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. कमरे के भीतर मौजूद परिस्थितियों और शव की हालत को देखकर पुलिस हत्या, पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.
इस निर्मम हत्याकांड के बाद पूरे बहुती सेंगरान गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बेरहमी से हुई हत्या ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है और जल्द बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है.