Ganesh Chaturthi 2026: इस साल कब है गणेश चतुर्थी? जानें भद्रा का साया रहेगा या नहीं
Ganesh Chaturthi 2026 Date: हिंदू धर्म में त्योहारों का बहुत महत्व होता है. हर महीने कोई न कोई त्योहार जरूर आता है, जिसे हिंदू परिवार बड़े ही श्रद्धा और भाव के साथ मनाते हैं. इसी तरह सितंबर के इस महीने में भी कई बड़े त्योहार हैं, जिनका अपना विशेष महत्व है. कल 4 सितंबर को देशभर में जन्माष्टमी का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया गया. इस बीच अब भक्तगण बप्पा के आगमन की तैयारियों में जोर-शोर से जुट गए हैं. गणेश चतुर्थी के इस पावन पर्व को देश-विदेश में रहने वाले हिंदू परिवार बड़े ही उत्साह और खुशियों के साथ मनाते हैं. गणेश चतुर्थी का यह त्योहार भारत के उत्तरी और दक्षिणी दोनों ही इलाकों में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. आइए जानते हैं कि इस साल गणेश चतुर्थी का यह पवित्र त्योहार कब मनाया जाएगा.
गणेश चतुर्थी के दिन देशभर में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की जाती है.
गणेशोत्सव का कार्यक्रम 10 दिनों तक चलता है, जहां भक्त बप्पा की पूजा-अर्चना और उपासना में लीन रहते हैं.
इस साल भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 14 सितंबर दिन सोमवार को सुबह 7:06 बजे शुरू होगी और अगले दिन 15 सितंबर (मंगलवार) को सुबह 7:44 बजे समाप्त होगी.
भगवान गणेश का जन्म दोपहर के समय हुआ था, इसलिए गणेश चतुर्थी और उनकी विशेष पूजा 14 सितंबर को ही मनाई जाएगी.
इस साल गणेश चतुर्थी की पूजा का शुभ मुहूर्त दिन में 11 बजकर 2 मिनट से है, जो दोपहर 1 बजकर 31 मिनट तक रहेगा.
गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापना और पूजा के लिए भक्तों को करीब ढाई घंटे का सबसे उत्तम शुभ समय मिलेगा.
मूर्ति और कलश स्थापना के लिए दोपहर 11:52 से 12:41 बजे तक का 'अभिजीत मुहूर्त' सबसे श्रेष्ठ रहेगा.
इस बार गणेश चतुर्थी पर शाम 07:20 बजे से अगले दिन सुबह 06:06 बजे तक भद्रा रहेगी, लेकिन इसका वास पाताल लोक में होने के कारण यह मूर्ति स्थापना या पूजा में कोई बाधा नहीं डालेगी.