गणेश चतुर्थी पर ऐसे करें बप्पा का स्वागत, घर में बनी रहेगी सुख-शांति
Ganesh Chaturthi 2026: गणेश उत्सव को लेकर देशभर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. कुछ ही दिनों बाद गणपति बप्पा विराजने वाले हैं. हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर, दिन सोमवार को है. हिंदू परिवार इस गणेश फेस्टिवल को बड़े ही उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ मनाते हैं. गणेश चतुर्थी का यह पवित्र त्योहार वैसे तो देशभर में बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है, लेकिन दक्षिण और पश्चिमी इलाकों में गणेश जी की पूजा विशेष रूप से की जाती है. भक्त इस दिन भगवान गणेश की मूर्ति की पूजा-अर्चना कर उनकी उपासना करते हैं. गणेश चतुर्थी का त्योहार हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है. इस खास दिन भक्त अपने घरों और मूर्ति स्थापना वाले स्थलों को फूल-मालाओं से सजाते हैं. शास्त्रों के अनुसार, गणेश चतुर्थी के दिन कुछ ऐसी बातें हैं, जिनका ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
गणेश चतुर्थी पर घर सजाते समय लाल, पीला और हरा जैसे शुभ रंगों का इस्तेमाल करें.
काले और गहरे नीले रंग से सजावट करने से बचें, ताकि घर का माहौल सकारात्मक और शांत बना रहे.
गणपति बप्पा के स्वागत के लिए घर के मुख्य द्वार को आम के पत्तों के तोरण से सजाएं.
मुख्य दरवाजे पर सुंदर रंगोली बनाना भी शुभ माना जाता है और इससे घर में सकारात्मकता आती है.
गणेशजी की प्रतिमा लाने से पहले सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें और पूजा भाव से बप्पा को घर लाएं.
मूर्ति की आंखों पर लाल कपड़ा बंधा हो और घर लाते समय फूलों की वर्षा व जयकारों के साथ उनका स्वागत करें.
गणपति की मूर्ति रखने के लिए लकड़ी की साफ चौकी का इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है.
चौकी को ईशान कोण या उत्तर दिशा में रखें और उस पर लाल या पीले रंग का साफ कपड़ा बिछाएं.
गणेशजी की मूर्ति इस तरह रखें कि उनका मुख हमेशा आपकी ओर दिखाई दे और प्रतिमा का पिछला हिस्सा सामने न हो.
स्थापना से पहले चौकी या स्थान पर स्वास्तिक बनाकर उस पर चावल और फूल चढ़ाएं.