6 गेंद, 6 छक्के और 36 रन…19 साल पहले आज ही के दिन युवराज सिंह ने मचाई थी तबाही
युवराज सिंह
Yuvraj Singh: 19 सितंबर 2007 क्रिकेट इतिहास की वो तारीख, जिसे शायद ही कोई क्रिकेट फैन भूल पाए. इसी दिन भारतीय दिग्गज पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में लगातार 6 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया था. युवराज के इस कारनामे को आज यानी 19 सितंबर 2026 को पूरे 19 साल हो गए हैं, लेकिन आज भी उनके वह 6 गेंदों में 6 छक्के क्रिकेट फैंस के जहन में बसे हुए हैं.
युवराज सिंह ने 6 गेंदों में जड़ दिए थे 6 छक्के
दरअसल युवराज सिंह का यह कारनामा 2007 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान का है. जब सुपर-8 मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने थी. डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत की पारी के दौरान 19वां ओवर स्टुअर्ट ब्रॉड करने आए. उनके सामने थे युवराज सिंह. यूवी ने ब्रॉड की पहली गेंद पर डीप मिड-विकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा.
इसके बाद दूसरी गेंद को उन्होंने बैकवर्ड स्क्वेयर लेग के ऊपर से भेजा, ओवर की तीसरी गेंद युवराज ने डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से भेजी. चौथी गेंद डीप पॉइंट पर गई, जबकि पांचवीं गेंद फिर से मिड-विकेट के ऊपर गई. ओवर की आखिरी गेंद पर युवराज ने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से जोरदार शॉट खेला और 6 गेंदों में 6 गगनचुंबी छक्के जड़कर 36 रन बटोर लिए.
6️⃣, 6️⃣, 6️⃣, 6️⃣, 6️⃣, 6️⃣! 🤯 #OnThisDay in 2007, Yuvraj Singh lit up Durban by becoming the first player to smash six sixes in an over in T20Is 🔥 #TeamIndia | @YUVSTRONG12 https://t.co/MULtWGN0T4
— BCCI (@BCCI) September 19, 2026
यह भी पढ़ें: कब और कहां देखें भारत बनाम जापान T20 इंटरनेशनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, जानें डिटेल्स
फ्लिंटॉफ से हुई थी तीखी बहस
इस मुकाबले में युवराज सिंह और इंग्लैंड के ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी. भारतीय पारी के 18वें ओवर में फ्लिंटॉफ गेंदबाजी कर रहे थे. युवराज ने उनके ओवर की आखिरी गेंदों में शानदार शॉट खेलकर दो चौके बटोरे. लगातार दो चौके खाने से फ्लिंटॉफ नाराज हो गए और युवराज को धमकी देने लगे. फ्लिंटॉफ की धमकी से युवराज बुरे तरीके से भड़क उठे. दोनों खिलाड़ियों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अंपायरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इस बहस के बाद युवराज ने अपना गुस्सा स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में निकाला और लगातार 6 गेंदों में 6 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया.
जड़ी तूफानी फिफ्टी
इंग्लैंड के खिलाफ उस मुकाबले में युवराज सिंह ने महज 12 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था. इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उस समय की सबसे तेज फिफ्टी थी. इस मैच में युवराज ने 16 गेंदों पर 7 छक्के और 3 चौके की मदद से 58 रन की तूफानी पारी खली थी. इस दमदार प्रदर्शन के चलते युवराज सिंह ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब भी अपने नाम किया था.