एशियन गेम्स का आगाज,मनु भाकर-पवन सहरावत ने लहराया तिरंगा, 45 देशों के खिलाड़ी हुए शामिल
एशियन गेम्स 2026
Asian Games Opening Ceremony: जापान के नागोया में एशियन गेम्स 2026 का धमाकेदार आगाज हो गया है. शनिवार 19 सितंबर को जापान के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में जापान के सम्राट नरुहिटो ने एशियन गेम्स की शुरुआत का ऐलान किया. करीब 2 घंटे तक चली ओपनिंग सेरेमनी का आगाज जापान के राष्ट्रगान के साथ हुआ. इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया. इस दौरान जापान ने अलग-अलग इवेंट्स के जरिए दुनिया के सामने अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया. इस दौरान गेम्स में हिस्सा ले रहे एशिया के 45 देशों और एक OCA रिफ्यूजी टीम के हजारों एथलीट ने स्टेडियम में परेड की.
मनु भाकर-पवन सहरावत ने लहराया तिरंगा
एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व स्टार शूटर मनु भाकर और दिग्गज कबड्डी स्टार पवन सहरावत ने किया. दोनों खिलाड़ियों पारंपरिक नेवी ब्लू ड्रेस में भारतीय दल नेतृत्व करते नजर आए. बता दें, पहले भारत की ओर से मनु भाकर के साथ ताजिंदरपाल सिंह तूर को ध्वजवाहक बनाया गया था, लेकिन समारोह के लिए उन्हें जरूरी आधिकारिक किट समय पर नहीं मिल सकी थी, इसलिए उनकी जगह आखिरी समय में पवन सहरावत को भेजा गया.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया की किट में गड़बड़ी! एक साथ सामने आई कई परेशानी, BCCI को करनी पड़ी मशक्कत
पहले ही शुरू हुए कुछ मुकाबले
एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी से पहले ही कुछ खेलों के मुकाबले शुरू हो चुके हैं. महिला क्रिकेट में भारतीय टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में अपने पहले ही मुकाबले में मेजबान जापान को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं, टेकबॉल के मुकाबले भी शुरू हो चुके हैं जहां भारत पदक की रेस में बना हुआ है.
45 देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से हो चुका है. यह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट 4 अक्टूबर चलेगा. बता दें, ओपनिंग सेरेमनी के बाद इस इवेंट की क्लोजिंग सेरेमनी भी जापान के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित की जाएगी. इस बार इन गेम्स में करीब 11,000 एथलीट 45 देशों और OCA रिफ्यूजी टीम की ओर से 43 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं. जहां खिलाड़ी कुल 469 गोल्ड मेडल पर दांव लगाएंगे.