शैफाली वर्मा को सेंडऑफ देना पाकिस्तानी कप्तान को पड़ा भारी, ICC ने सुनाई सजा

ICC: टीम इंडिया की ओपनर शैफाली वर्मा को सेंडऑफ देना पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना को भारी पड़ गया है. आईसीसी ने उनपर कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 परसेंट जुर्माना ठोक दिया है.
Fatima Sana

फातिमा सना

ICC: वुमेंस एशिया कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच के बाद पाक कप्तान फातिमा सना ने अपनी एक हरकत से खूब सुर्खियां बटोरी थीं. मैच के दौरान फातिमा ने भारतीय सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा का विकेट लेकर उन्हें पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया था. शैफाली को सेंडऑफ देना अब पाकिस्तानी कप्तान को भारी पड़ गया है. इस मामले में आईसीसी ने एक्शन लेते हुए उनपर जुर्माना ठोका है.

ICC ने फातिमा सना पर लगाया जुर्माना

दरअसल टीम इंडिया की ओपनर शैफाली वर्मा को सेंडऑफ देने के मामले में आईसीसी ने फातिमा सना पर बड़ा एक्शन लिया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तानी कप्तान पर कार्रवाई करते हुए उनपर मैच फीस का 10 परसेंट जुर्माना लगाया है. इसी के साथ उनके डिसप्लनेरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है. पाक कप्तान को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया है. उन्होंने आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया.

यह भी पढ़ें: ’55 रन बनाए हैं आपकी पूरी टीम ने…’, पाकिस्तानी कप्तान ने शैफाली वर्मा को दिया सेंडऑफ तो भड़क उठे भारतीय कमेंटेटर

क्या है आर्टिकल 2.5

आईसीसी आचार संहिता का आर्टिकल 2.5 मुख्य रूप से मैच के दौरान किसी बल्लेबाज के आउट होने पर उसके खिलाफ अभद्र भाषा, हरकतों या उकसाने वाले इशारों के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करता है. बता दें, आईसीसी का यह नियम इस बात पर डिपेंड नहीं करता है कि आउट होने वाले बल्लेबाज ने पलटकर कोई प्रतिक्रिया दी या नहीं, बल्कि खिलाड़ी के उकसाने वाले व्यवहार को दोषी माना जाता है.

55 रनों पर ढेर हुई थी पाक टीम

वुमेंस एशिया कप 2026 का नौवां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया. इस मुकाबले में पाक टीम भारतीय स्पिनर्स के सामने महज 55 रनों पर ही ढेर हो गई. नतीजा यह रहा कि भारत ने 7 विकेट से यह मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया वुमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं.

ज़रूर पढ़ें