ICC ने बदले क्रिकेट के नियम, बैटर के टाइम वेस्ट करने पर मिलेगी सजा, टेस्ट में पिंक बॉल का होगा ट्रायल
आईसीसी न्यू रुल्स
ICC New Rules: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने क्रिकेट के नियमों में कई अहम बदलाव किए हैं. नए प्लेइंग कंडीशन गुरुवार 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी. हालांकि, जो सीरीज पहले से ही जारी हैं, उनमें पुराने नियम ही लागू रहेंगे. नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव बैटर के टाइम वेस्ट करने को लेकर किया गया है. अगर कोई बल्लेबाज निर्धारित समय के अंदर अगली गेंद खेलने के लिए तैयार नहीं होता है, तो तीसरी और उसके बाद हर गलती पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन मिलेंगे.
बैटर के टाइम वेस्ट करने पर मिलेगी सजा
आईसीसी के नए नियमों के मुताबिक अगर कोई बल्लेबाज समय बर्बाद करता है, तो पहली गलती पर चेतावनी, दूसरी गलती पर अंतिम चेतावनी और तीसरी और उसके बाद हर गलती पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन मिलेंगे. बार-बार टाइम वेस्ट करने पर आचार संहिता के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: सेमीफाइनल में गरजा ईशान किशन का बल्ला, 80 रनों की तूफानी पारी खेलकर रचा इतिहास
टेस्ट में पिंक बॉल का होगा ट्रायल
इसके अलावा अब आपसी सहमति से दिन में खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में पिंक बॉल का इस्तेमाल ट्रायल के तौर पर किया जा सकता है. पिंक बॉल का इस्तेमाल करने के पीछे का मुख्य उद्देश्य खराब रोशनी के कारण खेल में आने वाली बाधा और गेम को रुकने की संभावना को कम करना है. बता दें, पिंक बॉल के इस्तेमाल का फैसला टेस्ट शुरू होने से पहले करना होगा.
विमेंस और जूनियर क्रिकेट में अब अलग साइज की होगी गेंद
आईसीसी के नए नियमों के मुताबिक अब मेंस, विमेंस और जूनियर क्रिकेट के लिए गेंद के साइज और वजन की अलग-अलग सीमा तय होगी. मेंस क्रिकेट के लिए गेंद का वजन 155.9 से 163 ग्राम और साइज 22.4 से 22.9 सेमी रहेगा. वहीं, महिलाओं के लिए गेंद का वजन 140 से 151 ग्राम और साइज 21 से 22.5 सेमी होगा. वहीं, जूनियर क्रिकेट की गेंद का वजन 133 से 144 ग्राम और साइज 20.5 से 22 सेमी रहेगा.
मिसफील्ड हर बार ओवरथ्रो नहीं माना जाएगा
आईसीसी ने ओवरथ्रो की परिभाषा स्पष्ट कर दी है. अगर कोई फील्डर गेंद को स्टंप की ओर फेंकता है ताकि रन रोका जा सके या रन आउट किया जा सके, तो यह ओवरथ्रो माना जाएगा. लेकिन केवल गेंद को रोकने या दूसरे फील्डर को पास करने की कोशिश में हुई मिसफील्ड ओवरथ्रो नहीं माना जाएगा.