ICC Test Ranking: पाकिस्तान की हार से भारतीय खिलाड़ियों को फायदा, बुमराह की बादशाहत कायम, टॉप-10 में गिल-यशस्वी शामिल
टीम इंडिया
ICC Test Rankings: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश की टेस्ट सीरीज ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर कर दिया है. पहले टेस्ट में बांग्लादेश से 104 रनों की शर्मनाक हार झेलने के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों को ताजा रैंकिंग में भारी नुकसान उठाना पड़ा. वहीं, पाकिस्तान की इस हार का फायदा भारतीय खिलाड़ियों को मिला है, जिनकी रैंकिंग में सुधार देखने को मिला.
बुमराह की बादशाहत बरकरार
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अपना दबदबा कायम रखा है. आईसीसी द्वारा जारी की गई ताजा टेस्ट रैंकिंग में बुमराह 879 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने हुए हैं. बुमराह लगातार अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं. उनकी इसी निरंतरता का फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में भी मिल रहा है.
यह भी पढ़ें: ICC Ranking: वनडे रैंकिंग में टीम इंडिया की बादशाहत बरकरार, टॉप-5 में पाकिस्तान को भी मिली जगह
टॉप-10 में गिल-यशस्वी शामिल
वहीं, आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों को बड़ी खुशखबरी मिली है. टीम इंडिया के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने टेस्ट बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में अपनी जगह मजबूत कर ली है. 750 पॉइंट्स के साथ यशस्वी जायसवाल 8वें स्थान पर मौजूद हैं, जबकि 730 पॉइंट्स के साथ शुभमन गिल एक स्थान का फायदा पाकर 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं. बता दें, आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पाकिस्तान के साऊद शकील को 6 स्थानों का नुकसान हुआ, जिसके चलते गिल को रैंकिंग में फायदा हुआ है.
भारतीय खिलाड़ियों को हुआ फायदा
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक स्थान का फायदा हुआ है, वो 15वें से 14वें नंबर पर आ गए हैं. बाबर आजम को 1 स्थान का नुकसान हुआ है जिसके चलते भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं.