IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ODI में कुलदीप यादव ने काटा गदर, 4 विकेट लेकर रचा इतिहास
कुलदीप यादव
Kuldeep Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने रविवार 27 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ घातक गेंदबाजी कर वनडे टीम में दमदार वापसी की. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके. कुलदीप ने इस मुकाबले में अपनी फिरकी का ऐसा जाल बिछाया कि कैरेबियाई बल्लेबाज उनके सामने एक के बाद एक ढेर होते गए.
कुलदीप की फिरकी में फंसे कैरेबियाई बल्लेबाज
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले वनडे मैच में कुलदीप यादव ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 40 रन देकर 4 विकेट झटके. इस दौरान उन्होंने एक ओवर मेडन भी किया. मुकाबले में जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स की सलामी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर शतकीय साझेदारी की. लेकिन कुलदीप ने दोनों की साझेदारी तोड़कर भारत की मुकाबले में वापसी कराई. कुलदीप ने कैंपबेल को आउट कर मुकाबले में अपना विकेट लिया. इसके बाद उन्होंने कैरेबियाई कप्तान शाई हॉप, जस्टिन ग्रीव्स और ज्वेल ज्वेल एंड्रयू को अपना शिकार बनाया. खास बात यह रही की कुलदीप ने ग्रीव्स और एंड्रयू को एक ही ओवर में पवेलियन भेजा.
Rate that crafty Kuldeep Yadav spell out of 🔟👇 Relive ▶️ https://t.co/cpy8uh3PK1 #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ | @imkuldeep18 https://t.co/Z5k1nuJ8Xj
— BCCI (@BCCI) September 27, 2026
यह भी पढ़ें: कौन हैं नमन धीर? जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया के लिए किया डेब्यू
कुलदीप ने रचा इतिहास
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में 4 विकेट लेने के साथ ही कुलदीप यादव ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वह इस फॉर्मैट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले नौवें गेंदबाज बन गए हैं. इसी के साथ उन्होंने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद को पीछे छोड़ दिया है. कुलदीप ने 122 वनडे मैचों में 198 विकेट चटकाए हैं. वहीं, वेंकटेश प्रसाद ने 161 मैचों में 196 विकेट लिए हैं.
200 वनडे विकेट के करीब कुलदीप
31 वर्षीय भारतीय स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने वनडे क्रिकेट में अब तक खेले गए 122 मैचों की 119 पारियों में 198 विकेट झटके हैं. वह अब 200 वनडे विकेट पूरे करने से महज 2 कदम दूर हैं. मौजूदा सीरीज के बाकी दो वनडे मैचों में अगर कुलदीप यह 2 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के चुनिंदा गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. इसी के साथ वह भारत के लिए 200 विकेट का आंकड़ा छूने वाले भारत के महज चौथे स्पिनर बन जाएंगे.