IND vs ZIM: ब्लेसिंग मुज़रबानी के सामने बेबस दिखे अभिषेक शर्मा, टी20I में 3 बार गंवाया विकेट
अभिषेक शर्मा
Abhishek Sharma: भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए हैं. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मैच में अभिषेक सिर्फ 8 रन बनाकर तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़रबानी की गेंद पर आउट हो गए हैं. टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक लगातार ब्लेसिंग के सामने संघर्ष करते नजर आ रहे हैं.
T20I में ब्लेसिंग ने अभिषेक को 3 बार किया आउट
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़रबानी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए हैं. ब्लेसिंग अब तक कुल तीन बार अभिषेक को अपना शिकार बना चुके हैं. इस दौरान अभिषेक ने उनके खिलाफ 21 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 8 रन बनाए हैं.
इस दौरान उनका औसत महज 2.66 का रहा, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 38.09 का रहा. हैरानी की बात यह है कि ब्लेसिंग के खिलाफ खेली गई 21 गेंदों में अभिषेक ने 16 गेंदें डॉट खेली है, जो मुज़रबानी के दबदबे को साफ दर्शाता है.

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर बने भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत, जमा किए इतने करोड़
ब्लेसिंग मुज़रबानी ने कब-कब किया अभिषेक को आउट
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में भी अभिषेक शर्मा फ्लॉप साबित हुए थे. उम्मीद थी कि अभिषेक बड़ी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएंगे. लेकिन इस मैच में वह 8 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर ब्लेसिंग मुज़रबानी की गेंद पर आउट हो गए थे. इससे पहले साल 2024 में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पांचवें टी20 मैच में ब्लेसिंग मुज़रबानी ने अभिषेक को 14 रन के निजी स्कोर पर आउट किया था.
पिछली 5 पारियों में नहीं जड़ी एक भी फिफ्टी
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की पिछली 5 इंटरनेशनल पारियों के आंकड़े देखें तो यह बेहद निराशाजनक रहे हैं. इस दौरान उनका बल्ला बिल्कुल खामोश रहा है. पिछली पांच पारियों में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है. पिछले पांच मैचों में उनके बल्ले से क्रमश 10,16,3,1 और 8 रन ही निकले हैं.