IPL 2026 से पहले RCB फैंस के लिए खुशखबरी, चिन्नास्वामी में मैच कराने की कर्नाटक सरकार ने दी मंजूरी
चिन्नास्वामी स्टेडियम
RCB: क्रिकेट की दुनिया में इन दिनों टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच जारी है, इसके बाद आईपीएल 2026 की शुरुआत हो जाएगी. इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के फैंस के लिए एक खुशखबरी सामने आई है. दरअसल कर्नाटक सरकार ने आरसीबी को उनके होम ग्राउन्ड चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने को लेकर मंजूरी दे दी हैं.
RCB को चिन्नास्वामी में खेलने की मिली मंजूरी
दरअसल, बीते कुछ समय से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु अपने होम मैचों को लेकर परेशान थी, जिसके लिए वह नए होम-ग्राउन्ड की तलाश कर रही थी. कर्नाटक सरकार का फैसला न आने के कारण आरसीबी ने मुंबई इंडियंस से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम को लेकर बातचीत की थी, लेकिन उनकी बात नहीं बनी. हालांकि अब कर्नाटक सरकार ने कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए आरसीबी को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने की मंजूरी दे दी है.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: पाक के खिलाफ अभिषेक शर्मा के खेलने पर सस्पेंस, बोले- मेरा वजन कम हो गया….
सरकार ने रखी शर्त
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु को उनके होम-ग्राउन्ड में खेलने की अनुमति तो मिल गई है, लेकिन इसके लिए उन्हें सरकार की कुछ शर्ते माननी होंगी. राज्य सरकार ने साफ कहा है कि मैच के दौरान सुरक्षा इंतजामों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. फ्रेंचाजी को फैंस की सुरक्षा का ध्यान रखना होगा. इसके अलावा मैच के दौरान सिर्फ 35,000 लोग ही स्टेडियम में आ सकते हैं.
विक्ट्री परेड में मची थी भगदड़
आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था. इस जीत के जश्न में फ्रेंचाईजी ने अपने फैंस के लिए बैंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड का आयोजन किया था. इस दौरान बड़ी संख्या में आरसीबी फैंस स्टेडियम के बाहर पहुंचे और वहां भगदड़ मच गई. जिसमें करीब 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए थे. इस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने एक्शन लेते हुए इस स्टेडियम पर बड़े आयोजन को लेकर बैन लगा दिया था.