KKR vs GT: 6,6,6… रिंकू के बाद केकेआर को मिला नया सिक्सर किंग, गुजरात के खिलाफ 35 गेंदों में ठोके 93 रन
फिन एलन
KKR vs GT: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया है. गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेलकर ईडन गार्डन्स में मौजूद फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया. उनकी इस पारी में चौकों से ज्यादा छक्कों की झड़ी देखने को मिली. अपनी इस पारी में एलन ने 10 छक्के जड़े. इस विस्फोटक प्रदर्शन के बाद उन्हें केकेआर का नया सिक्सर किंग कहा जा रहा है.
तोड़ा फिल साल्ट का रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार पारी के साथ फिन एलन ने फिल साल्ट का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अब एलन आईपीएल के एक सीजन में केकेआर के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड फिल साल्ट के नाम था, लेकिन एलन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
यह भी पढ़ें: KKR स्टार सुनील नरेन ने रचा इतिहास, 200 आईपीएल मैच खेलने वाले बने पहले विदेशी खिलाड़ी
फिन एलन ने खेली तूफानी पारी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ केकेआर की पारी की शुरुआत करने आए फिन एलन ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. एलन ने इस मैच में 35 गेंदों में 4 चौके और 10 छक्कों की मदद से 93 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. अपनी इस तूफानी पारी में एलन ने 10 छक्के जड़कर वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
He misses out on his second hundred of the season, but Finn Allen does the damage 🔥 pic.twitter.com/L1CBTdu2dZ
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) May 16, 2026
वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड की बराबरी
बता दें, फिन एलन आईपीएल की एक पारी में 10+ छक्के सबसे ज्यादा बार लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने आईपीएल की एक पारी दो बार 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं. इसी के साथ उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है जिन्होंने दो बार यह कारनामा किया है. एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड यूनवर्सल बॉस क्रिस गेल के नाम दर्ज है.