दलीप ट्रॉफी 2026 में गरजा मुशीर खान का बल्ला, 96 रन बनाकर शतक से चूके

Musheer Khan: दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन द्वारा दिए गए 287 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की टीम के लिए मुशीर खान ने शानदार बल्लेबाजी की और 96 रन की पारी खेली.
Musheer Khan

मुशीर खान

Musheer Khan: दलीप ट्रॉफी 2026 में दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच खेला जा रहा है.बेंगलुरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जारी इस मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने शानदार बल्लेबाजी की. वेस्ट जोन की दूसरी पारी में मुशीर ने 96 रन की तूफानी पारी खेली. हालांकि इस दौरान वह शतक जड़ने से चूक गए.

शतक से चूके मुशीर खान

दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन द्वारा दिए गए 287 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की टीम के लिए मुशीर खान ने शानदार बल्लेबाजी की. मुकाबले की दूसरी पारी में उन्होंने 126 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली. हालांकि, इस दौरान वह शतक जड़ने से सिर्फ 4 रन दूर रह गए. अपनी इस पारी में मुशीर ने 8 चौके और 2 छक्के जड़े. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 76.19 का रहा.

यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजी में दिखाया दम, 1 ओवर में झटके 2 विकेट

मुशीर ने संभाली वेस्ट जोन की बिखरी पारी

नॉर्थ जोन द्वारा दिए गए 287 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 4 रन के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया था. इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने मोर्चा संभाला और 96 रन की पारी खेल टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया. मुशीर शतक की ओर बढ़ ही रहे थे कि निशांत सिंधु ने शानदार गेंदबाजी कर उन्हें कैच आउट करार दिया.

पहली पारी में नहीं चला बल्ला

इस मुकाबले में वेस्ट जोन की पहली पारी में भी मुशीर ने 126 गेंदे खेली थी, लेकिन इस दौरान वह 2 चौकों की मदद से महज 31 रन ही बना सके थे. मैच के दौरान मुशीर ने कुल 252 गेंदों का सामना किया और नॉर्थ जोन के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया.

21 साल के मुशीर खान का रिकॉर्ड फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बेहद शानदार रहा है. उन्होंने अब तक खेले 18 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 5 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 46 से ज्यादा का रहा है. वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम का अहम हिस्सा हैं और तीनों फॉर्मैट में उसके लिए खेलते हैं.

ज़रूर पढ़ें