बेंगलुरू T20 में बारिश का खतरा! क्या रद्द होगा भारत-वेस्टइंडीज आखिरी टी20 मैच?
भारत बनाम वेस्टइंडीज
India vs West Indies 5th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. चार मैचों के बाद सीरीज 2-2 की बराबरी पर है. ऐसे में आखिरी मैच जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी. हालांकि निर्णायक मुकाबले से पहले बेंगलुरू की वेदर रिपोर्ट ने फैंस की धड़कने बढ़ा दी है. क्योंकि इस मुकाबले में बारिश का साया बना हुआ है.
पांचवें टी20 में बारिश का खतरा?
दरअसल मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरू में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज पांचवें टी20 मैच में बारिश का खतरा मंडरा रहा है. 17 अक्टूबर की शाम बेंगलुरू में मूसलाधार बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं. वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, मैच के दौरान पूरे समय गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है. मुकाबले वाले दिन बेंगलुरू में शाम 5 बजे 66% बारिश की संभावना है. वहीं, टॉस के समय यह संभावना बढ़कर 68% है. इसके अलावा मुकाबले की शुरुआत में बारिश का खतरा और बढ़ जाएगा.
यह भी पढ़ें: 4 साल बाद भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में एंट्री, चोटिल अर्शदीप की वजह से मिला मौका
रद्द हो सकता है मैच?
17 अक्टूबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच बारिश का सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है. इस दौरान लगभग 70% बारिश होने की आशंका जताई जा रही है. लगातार 66% से 70% के बीच बारिश के अलर्ट को देखते हुए टॉस में देरी हो सकती है. साथ ही बारिश के कारण ओवरों में कटौती भी की जा सकती है. लगातार बारिश होने के कारण मुकाबला रद्द होने की भी संभावना बनी हुई है.
चिन्नास्वामी में पहली बार भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच
बता दें, भारत और वेस्टइंडीज की टीमें पहली बार बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई टी20 मैच खेलती नजर आएंगी. इस मैदान पर भारत ने अब तक कुल 8 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 में उन्हें जीत और 3 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा. वहीं, वेस्टइंडीज ने इस मैदान पर सिर्फ 1 मैच ही टी20 मैच खेला है, जिसे उनकी टीम जीतने में कामयाब रही है. कैरेबियाई टीम ने यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2016 के दौरान श्रीलंका के खिलाफ खेला था.