‘दिल पर हाथ रखकर पूछिए…’, अंकिता भंडारी केस में विनेश फोगाट की इमोशनल अपील, महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

Vinesh Phogat Emotional Appeal: भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर तीखी प्रतिक्रिया दी है.
Vinesh Phogat

विनेश फोगाट

Vinesh Phogat Emotional Appeal: भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक बेटियों को खोने वाले परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकते रहेंगे और सत्ता में बैठे लोग अपनी जिम्मेदारी से भागते रहेंगे. विनेश ने अपने इस पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को टैग करते हुए देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए.

हिरासत में लिए गए थे अंकिता भंडारी के माता-पिता

विनेश फोगाट की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब अंकिता भंडारी के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए मामले में कथित VIP की भूमिका की जांच की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. बता दें, हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली के इंडिया गेट के पास प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था. हालांकि, बाद में 15 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: चौथे टी20 में भारत की हार का सबसे बड़ा विलेन कौन? कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कहां हो गई गलती

विनेश फोगाट ने शेयर किया इमोशनल अपील

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने अपने एक्स अकाउंट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, कितने शर्म की बात है कि इस देश में एक बेटी के मां-बाप को इंसाफ के लिए दर-दर भटकना पड़ता है, जबकि उनकी बेटी अब इस दुनिया में ही नहीं है. जरा सोचिए, उन मां-बाप पर क्या बीतती होगी, लेकिन सत्ता के गलियारों में बैठे हुक्मरानों को उनकी पीड़ा कहां महसूस होती है?’

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए फोगाट ने कहा इस देश में बलात्कारियों का फूल-मालाओं से स्वागत होता है, संस्थाओं पर कब्ज़े करवाए जाते हैं, रसूख़ और बड़े-बड़े पदों की आड़ में उन्हें संरक्षण मिलता है और जो परिवार अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांगता है, उसे सालों तक संघर्ष करना पड़ता है.

आख़िर कब तक बेटियों के परिवार इंसाफ के लिए लड़ते रहेंगे और सत्ता में बैठे लोग अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ते रहेंगे? राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को संबोधित करते हुए विनेश ने लिखा, ‘राष्ट्रपति जी आप तो खुद एक महिला हैं कभी दिल पे हाथ रख कर पूछना अपने आप से इन देश की बेटियों की सुरक्षा के लिए आपने अभी तक क्या किया.’

क्या है अंकिता भंडारी मामला?

दरअसल 19 साल की अंकिता भंडारी ऋषिकेश के रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं. 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी. इसके चार दिन बाद उनका शव चिल्ला नहर से बरामद हुआ था. इस मामले में रिज़ॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उनके दो साथियों को दोषी करार गया था. कोर्ट ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हालांकि, इस मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर अंकिता का परिवार जांच की मांग उठा रहा है.

ज़रूर पढ़ें