टेस्ट की टेंशन में रात-रातभर जागते थे रोहित शर्मा, मां के हाथ का बना ये खाना देता था सुकून
रोहित शर्मा
Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ खाने के प्रति पसंद के लिए भी जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि टेस्ट मैचों के दौरान उन्हें अक्सर घबराहट होती थी, जिसकी वजह से वह रातभर जागते रहते थे. ऐसे में उन्हें कुछ खाने का मन करता था और उनके पास उनकी मां के हाथ से बना एक खास फूड हमेशा मौजूद रहता था, जो उन्हें सुकून देता था.
टेस्ट मैचों को लेकर नर्वस रहते थे रोहित
दरअसल, बीते दिन 19 सितंबर को रोहित शर्मा ने अपने टीवी शो ‘Family Full House With Rohit Sharma’ से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया. शो के दौरान रोहित ने खुलासा किया कि टेस्ट क्रिकेट उनका पसंदीदा फॉर्मैट था, लेकिन इसे लेकर वह हमेशा नर्वस रहते थे. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रोहित ने कहा कि टेस्ट मैच आसान नहीं होते और इस फॉर्मैट में हमारे सामने अलग तरह की चुनौतियां होती हैं. उन्होंने बताया कि मैच को लेकर उन्हें अक्सर घबराहट होती थी, जिसके कारण कई बार उन्हें रातभर नींद नहीं आती थी.
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: फाइनल में गोल्ड के लिए आमने-सामने भारत-श्रीलंका, इस दिन खेला जाएगा मैच
मां के हाथ का बना खाना देता था सुकून
रोहित टेस्ट मैचों की टेंशन में जब रात-रातभर जागते रहते थे तब उन्हें कुछ खाने की इच्छा होती थी. ऐसे में उनकी मां के बनाए हुए ‘केले के वेफर्स’ वह अपने साथ रखते थे और यही उनका सबसे ज्यादा कम्फर्ट फूड हुआ करता था. हिटमैन ने बताया कि उनकी मां इन चिप्स को टलती नहीं थी, बल्कि बेक करके तैयार करती थीं. रोहित इन चिप्स को हमेशा अपने साथ रखते थे और जब भी उन्हें रात में नींद नहीं आती थी और कुछ खाने का मन करता था, तो वह इन्हें खा लेते थे.
रोहित शर्मा टेस्ट करियर
39 वर्षीय रोहित शर्मा टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. वह अब बस वनडे क्रिकेट में ही सक्रिय हैं. रोहित ने भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 116 पारियों में उन्होंने 4301 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 12 शतक और 18 अर्धशतक दर्ज हैं. टेस्ट क्रिकेट में उनका हाई स्कोर 212 रन रहा.