पत्नी सोफी शाइन के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने पहुंचे शिखर धवन,सामने आई तस्वीर
शिखर धवन और सोफी शाइन
Shikhar Dhawan With Sophie Shine: टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति मंदिर पहुंचे. इस दौरान दोनों ने ट्रेडिशनल कपड़ों में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. धवन और उनकी पत्नी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
तिरुपति बालाजी के दर्शन करने पहुंचे धवन धोती-कुर्ता में नजर आए. वहीं उनकी पत्नी सोफी बेहद ही खूबसूरत सफेद रंग के सलवार सूट में नजर आई.
धवन ने व्यवस्थाओं की तारीफ
भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद लेने के बाद शिखर धवन ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और फैंस से मुलाकात की और उनके साथ फोटो भी खिंचाई. दर्शन के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मंदिर प्रशासन में बहुत अच्छी व्यवस्थाएं थीं. साथ ही उन्होंने भगवान के अच्छे दर्शन के लिए आभार जताया. दर्शन के बाद धवन ने कहा, दर्शन बहुत शानदार रहे. मंदिर प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं. भगवान तिरुपति के इतने अच्छे दर्शन पाकर मैं आभारी हूं.
#WATCH तिरुपति (आंध्र प्रदेश): पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने तिरुमाला मंदिर में पूजा-अर्चना की। https://t.co/EfQH9RKWI6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 5, 2026
यह भी पढ़ें: Hong Kong Sixes 2026: भारतीय टीम के कप्तान बने भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या को भी मिली जगह
पहली पत्नी से हुआ तलाक
शिखर धवन की पहली शादी आयशा मुखर्जी से हुई थी. दोनों का एक बेटा भी है, जिसका नाम जोरावर है. 8 साल तक चली इस शादी के बाद दोनों अक्टूबर 2023 को अलग हो गए. दिल्ली की फैमिली कोर्ट ने 5 अक्टूबर 2023 को दोनों का तलाक मंजूर किया. इसके बाद धवन कई बार अपने बेटे जोरावर से दूर होने के बारे में खुलकर बात आर चुके हैं.
आयशा से तलाक होने के बाद धवन ने इसी साल 21 फरवरी 2026 को सोफी शाइन के साथ शादी की. दोनों ने एक निजी समारोह में सिर्फ करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी की थी. धवन और सोफी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. धवन अक्सर सोफी के साथ मौज मस्ती करते नजर आते हैं.
2024 में क्रिकेट से लिया संन्यास
टीम इंडिया में गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन ने 24 अगस्त 2024 को अचानक क्रिकेट के सभी फॉर्मैट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. उन्होंने भारत के लिए 34 टेस्ट मैचों की 58 पारियों में 2315 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक और 7 शतक शामिल रहे. वहीं, वनडे के 167 मैचों की 164 पारियों में उनके नाम 6793 रन दर्ज हैं. वनडे में उनके नाम 39 अर्धशतक और 17 शतक दर्ज हैं. टी20 क्रिकेट में उन्होंने 68 मैचों की 66 पारियों में 1759 रन बनाए, जिसमें 11 अर्धशतक शामिल हैं.