SRH vs RR Eliminator: प्लेऑफ में अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो, राजस्थान के खिलाफ बिना खाता खोले हुए आउट
अभिषेक शर्मा
Abhishek Sharma: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बुरे तरीके से फ्लॉप साबित हुए हैं. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए. इस अहम मुकाबले में टीम को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके.
प्लेऑफ में अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो जारी
बता दें, आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद ने फाइनल तक का सफर तय किया था. उस सीजन हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने प्लेऑफ में 3 मैच खेले थे. इन तीनों मैचों में वह महज 3,12 और 2 रन ही बना सके थे. अब आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं. इस मैच में हैदराबाद की पारी शुरू करने आए अभिषेक जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए हैं. आईपीएल के अलावा भारत के लिए भी टी20 क्रिकेट में नॉकआउट मुकाबलों में अभिषेक का प्रदर्शन खराब रहा है.
Abhishek Sharma has a poor record in IPL playoffs 😕 pic.twitter.com/r59sbiCWld
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) May 27, 2026
यह भी पढ़ें: SRH vs RR Eliminator: 5 चौके 12 छक्के…शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी, तोड़ा क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड
IPL 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में 25 वर्षीय इस बल्लेबाज का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. इस सीजन 15 मैचों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 563 रन बना लिए हैं. जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल है. इस दौरान उनके बल्ले से 50 चौके और 43 छक्के निकले हैं.
अभिषेक शर्मा IPL करियर
भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. इसके बाद 2022 में वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ जुड़े. आईपीएल में अभिषेक ने अब तक कुल 92 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2379 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं.