Vistaar NEWS

जीत के बाद बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे तिलक वर्मा और कुलदीप यादव, सामने आई तस्वीर

Kuldeep-Tilak

कुलदीप यादव और तिलक वर्मा

Tilak Varma Kuldeep Yadav Mahakal Darshan: टीम इंडिया ने रविवार को इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन कर वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और तिलक वर्मा बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे. बता दें, कुलदीप और तिलक टीम के सपोर्ट स्टाफ के साथ दर्शन करने पहुंचे.

महाकाल के दर्शन से मिलती है खुशी

इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मैच के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी तिलक वर्मा और कुलदीप यादव आज 12 अक्टूबर की सुबह बाबा महकाल के दर्शन करने पहुंचे. दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि महाकाल के दर्शन से उन्हें खुशी मिलती है और जब भी मौका बनता है तो वह यहां जरूर आते हैं. एएनआई से बात करते हुए कुलदीप यादव ने कहा,’महाकाल के दर्शन पाकर बहुत-बहुत अच्छा लगा. जब भी मौका मिलता है हमेशा आते हैं और भगवान के दर्शन करते हैं. बहुत खुशी मिलती है. हमारे साथ तिलक भी हैं, हमारा सपोर्ट स्टाफ भी है. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कुलदीप ने कहा उम्मीद है कि हम अच्छा क्रिकेट खेले और भारत के सभी खेलों में आगे बढ़े. भगवान की हम सभी पर कृपा हमेशा बनी रहे.’

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में मौका नहीं मिलने पर छलका मोहम्मद शमी का दर्द, बोले-मैं अच्छा गेंदबाज नहीं…

मैच से पहले हेड कोच गंभीर भी पहुंचे थे महाकाल के दरबार

भारत-वेस्टइंडीज के बीच इस मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और बैटिंग कोच सितांशु कोटक भी बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे थे. जहां दोनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर टीम की जीत की कामना की थी. महाकाल के दर्शन करने के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उन्होंने देश की सुख-शांति के साथ-साथ टीम इंडिया की निरंतर सफलता के लिए भी भगवान से प्रार्थना की.

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में अभिषेक शर्मा की 69 रनों की पारी के बदौलत 223 रन बनाए. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी. इस तरह भारत ने यह मुकाबला 14 रनों से अपने नाम कर लिया.

Exit mobile version