आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों ने दर्जनभर बच्चों पर किया हमला
बैकुण्ठपुर. कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक स्कूली बच्चों पर हमला कर दिया. जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई. दोपहर लगभग 12 बजे हुई इस घटना में लगभग 40 से 50 स्कूली बच्चे मधुमक्खियों के डंक लगने से घायल हो गए. हमले के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई और बच्चे जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की ओर भागने लगे. इस संबंध में परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल में प्रथम पाली के बच्चे थे.
छुट्टी के बाद बच्चे जैसे ही घर जाने के लिए कक्षा से स्कूल परिसर में निकले. इसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड बच्चों के ऊपर टूट पड़ा और बच्चे इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अनेक बच्चों को डंक मार घायल कर दिया जिससे बच्चों में चीखपुकार मच गई. बच्चों के ऊपर हुये मधुमक्खियों के हमले के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने इसकी जानकारी बच्चों के परिजनों को मोबाइल में मैसेज भेज कर दी. स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को उनके घर भेज दिया. घायल अवस्था में बच्चों को देख परिजन तत्काल बच्चों को लेकर उपचार कराने अस्पताल पहुंचे.

इन बच्चों पर मधुमक्खियों ने किया हमला
मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए स्कूली बच्चों में कक्षा 6 वीं के छात्र नैतिक यादव पिता राजू यादव उम्र 11 वर्ष निवासी शिवपुर चरचा, कक्षा 9 वीं अर्थव सिंह पिता भानूप्रताप सिंह उम्र 8 वर्ष निवासी चरचा, कक्षा तीसरी अवान हुसैन पिता आयाज हुसैन उम्र 9 वर्ष निवासी चरचा, कक्षा तीसरी रूहान पिता नसीर अली उम्र 7 वर्ष निवासी चरचा, कक्षा पांचवी सारा अंसारी पिता हसमुद्दीन अंसारी उम्र 10 वर्ष निवासी चरचा, कक्षा चौथी कृतिका विश्वकर्मा पिता मंतोष विश्वकर्मा उम्र 9 वर्ष निवासी शिवपुर चरचा, कक्षा चौथी प्रीति रानी पिता सुरेश कुमार उम्र 9 वर्ष निवासी शिवपुर चरचा, कक्षा दूसरी माधुरी पिता राजू राम उम्र 7 वर्ष निवासी चेरहापारा चरचा, कक्षा छठवीं सुनिधि पिता शिवशंकर उम्र 11 वर्ष निवासी शिवपुर चरचा, कक्षा 8 वीं दीपिका पिता शिवशंकर उम्र 14 वर्ष निवासी शिवपुर चरचा, कक्षा 6 वीं नेमत माता सेबी उम्र 12 वर्ष निवासी चरचा, कक्षा 7 वीं की छात्रा अलतमा फातिमा पिता मो. अकिल उम्र 12 वर्ष निवासी चरचा सहित अन्य स्कूल बच्चे शामिल है.