अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, आज से 2 से 4 रुपये प्रति लीटर हुआ महंगा
अमूल और मदर डेयरी के दाम बढ़े
Milk Price Increase Today: दूध खरीदने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. देश की डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है. नई दरें आज से लागू होंगी. कंपनियों ने दूध महंगा करने की पीछे उत्पादन, पैकेजिंग और परिवहन की बढ़ती लागत को वजह बताया है.
किसानों से दूध खरीदना हुआ महंगा
अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बुधवार को कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया था. कंपनी के अनुसार, किसानों से दूध खरीदने का खर्च लगातार बढ़ रहा है. इसके अलावा पशु आहार, चारा, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतों में भाय इजाफा हुआ है. कंपनी ने बताया कि गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम बारिश के कारण भी दूध उत्पादन से जुड़ी चुनौतियां बढ़ी हैं. इसी वजह से कीमतों में बदलाव करना पड़ा है.
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम
दिल्ली-NCR में दूध की बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी मदर डेयरी ने भी कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है. कंपनी का कहना है कि कच्चे माल और परिचालन खर्च में लगातार इजाफा हो रहा है.
अमूल के दूध की नई कीमतें
अमूल ने अपने दूध उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं. अमूल ताजा टोंड मिल्क अब 2 रुपये प्रति लीटर महंगा मिलेगा. वहीं अमूल गोल्ड की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. यह बदलाव कंपनी के ताजा पाउच दूध पर लागू होगा.
मदर डेयरी के नए रेट
दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का टोंड दूध (खुला) 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गया है. फुल क्रीम पैकेट दूध की कीमत 72 से बढ़कर 76 रुपये हो गई है. वहीं, टोंड पैकेट दूध अब 60 के बजाय 62 रुपये और डबल टोंड दूध 54 के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. गाय के दूध की कीमत भी 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
मई में भी बढ़े थे दाम
बता दें कि अमूल और मदर डेयरी ने इससे पहले मई में भा दूध की कीमतें बढ़ाई थीं. मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में अपने आउटलेट, दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है.



