Atal Pension Yojana: रोजाना सिर्फ 7 रुपये जमा करें, 60 साल के बाद हर महीने मिलेगी 5 हजार रुपये की पेंशन
अटल पेंशन योजना से पाएं हर महीने पेंशन
Daily 7 Rupees Pension Plan: आज के महंगाई के दौर में कोई कितना भी पैसा कमा ले, लेकिन महीने में बचत करना बहुत मुश्किल हो जाता है. यही वजह है कि नौकरी से रिटायरमेंट या बुढ़ापे के बाद पैसे का कोई सहारा नहीं रह जाता है. लेकिन अगर आप हर महीने अपनी कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर सरकार द्वारा चलाई जा रही किसी निवेश योजना में निवेश करते हैं, तो एक तय आयु सीमा के बाद आपको पेंशन मिल सकती है.
अटल पेंशन योजना क्या है?
सरकार नागरिकों की सुविधा और जीवन को आसान बनाने के लिए अटल पेंशन योजना चला रही है. इस योजना में अगर आप हर दिन थोड़ी-थोड़ी बचत करके निवेश करते हैं, तो इससे जीवनभर कमाई का जुगाड़ हो सकता है. अटल पेंशन योजना के तहत सरकार हर महीने 5 हजार रुपये तक की पेंशन देती है.
अटल पेंशन योजना में कौन कर सकता है निवेश?
- अगर आपकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है, तो आप अटल पेंशन योजना में निवेश कर सकते हैं.
- वहीं जो भी व्यक्ति इनकम टैक्स के दायरे में आता है, वह इस योजना का लाभ नहीं उठा सकता है.
- जब आप अटल पेंशन स्कीम में निवेश की शुरुआत करती हैं, तो हर महीने एक निश्चित पेंशन राशि तय कर दी जाती है, जो आपके 60 साल के होने के बाद मिलती है.
- इसके अलावा सरकार आपको जीवनभर पेंशन के रूप में राशि देती है अगर किसी कारणवश खाताधारक की मृत्यु हो जाती है, तो इसके बाद उसके पति या पत्नी को निश्चित पेंशन दी जाएगी.
18 साल की उम्र में कितना करना होगा निवेश?
मान लीजिए अगर आपकी उम्र 18 साल है और अटल पेंशन योजना में अपना खाता खुलवाकर निवेश करते हैं, तो आपको हर महीने 210 रुपये यानी रोजाना 7 रुपये जमा करने होंगे. इस योजना में पति और पत्नी दोनों एक साथ अपना खाता खुलवाकर निवेश कर सकते हैं और 60 साल के बाद 10 हजार रुपये की पेंशन प्राप्त कर सकते हैं. 210 रुपये महीने के निवेश से सरकार आपको 60 साल के बाद 5 हजार रुपये की निश्चित मासिक पेंशन देगी. इस स्कीम में शर्त यह है कि APY में अकाउंट खुलवाने के बाद कम से कम 20 साल तक निवेश करना जरूरी है. आप बीच में खाते में जमा राशि नहीं निकाल सकते हैं.



