इस देश की सरकार ने सोशल मीडिया पर लगाया बैन, 15 साल से कम उम्र वालों के इंटरनेट इस्तेमाल पर रोक
इस देश में बैन हुआ सोशल मीडिया
Under-15 Internet Restriction: आज के दौर में सोशल मीडिया हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. हर वर्ग के लोग आज इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. कोई मनोरंजन के लिए तो कोई अपनी पर्सनल काम-काज के लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे हैं. लेकिन पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया का क्रेज बढ़ने के साथ-साथ कम उम्र के बच्चों में भी इसका क्रेज काफी ज्यादा बढ़ गया है, जिस वजह से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है और साथ ही शरीर पर भी इसका बुरा असर देखने को मिल रहा है.
इसी वजह से पिछले कुछ सालों में कई देशों ने कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगा दिया है. वहीं हाल ही में फ्रांस की सरकार ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर बड़ा कदम उठाया है. फ्रांस सरकार ने अपने देश में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है.
फ्रांस की सरकार ने सोशल मीडिया पर बैन क्यों लगाया?
सोशल मीडिया पर बैन लगाने को लेकरफ्रांस की सरकार ने इसके पीछे की वजह भी बताई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्रांस सरकार ने कहा है कि यह कदम देश के कम उम्र के बच्चों के मानसिक संतुलन और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर उठाया गया है. फ्रांस की स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, 12 से 17 साल के लगभग 90 प्रतिशत बच्चे इंटरनेट के जरिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं. इनमें से ज्यादातर बच्चे 2 से 4 घंटे तक लगातार मोबाइल ही देखते रहते हैं.
एक्स्पर्ट्स का मानना है कि एक लिमिट टाइम के बाद यदि कोई कम उम्र का बच्चा सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता है, तो उसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा, बच्चों के आत्मविश्वास में भी कमी देखने को मिलती है. इसके साथ ही उनके मस्तिष्क में बुरे विचार पनपने लगते हैं और फिर वे धीरे-धीरे गलत रास्ता अपनाने लगते हैं.
नए नियम लागू होने से क्या होगा?
फ्रांस में सोशल मीडिया को लेकर लागू नए नियम के अनुसार, सितंबर महीने से 15 साल से कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया पर अपना न्यू अकाउंट नहीं बना सकेंगे. वहीं पहले से बने हुए अकाउंट्स को डिलीट कर दिया जाएगा. नियम में साफ कहा गया है कि इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, फेसबुक के साथ-साथ दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी 15 साल से कम उम्र के बच्चे अकाउंट नहीं बना सकेंगे.
इन देशों में भी सोशल मीडिया बैन
आपको बता दें कि फ्रांस ऐसा पहला देश नहीं है, जिसने कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया हो. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, स्पेन और मलेशिया जैसे देशों के साथ-साथ कई दूसरे देशों ने अपने यहां कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर रोक लगा दिया है. इन देशों में यदि कोई नियमों का पालन नहीं करता है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई भी की जाती है.