DBC गैस कनेक्शन बुकिंग सिस्टम में बदलाव, अब इतने दिनों बाद बुक होगा दूसरा सिलेंडर, जानिए नया नियम
एलपीजी गैस बुकिंग नियमों में बदलाव
LPG Cylinder Booking: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है. बढ़ते तनाव का असर देश से लेकर दुनिया तक हर जगह दिखाई दे रहा है. भारत के कई राज्यों में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी कमी देखने को मिल रही है, जिस वजह से लोग गैस भरवाने के लिए एजेंसियों के सामने कई किलोमीटर लंबी लाइनों में खड़े नजर आ रहे हैं. इसी बीच गैस कंपनियां भी समय-समय पर सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव कर रही हैं. हाल ही में सरकार ने डीबीसी (DBC) गैस कनेक्शन धारकों के लिए बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है.
DBC कनेक्शन वालों के लिए क्या है नया नियम?
जिन एलपीजी उपभोक्ताओं के पास दो गैस सिलेंडर का कनेक्शन है, उनके लिए सरकार ने नियमों में यह बदलाव किया है. नए नियमों के अनुसार, 14.2 किलो वाले एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी और अगली बुकिंग के बीच का अंतर अब 25 दिन कर दिया गया है. आसान शब्दों में कहें तो, यदि आपने आज गैस बुक की है तो अगले 25 दिनों तक आप दूसरा गैस सिलेंडर बुक नहीं कर सकते. दूसरे सिलेंडर के लिए आपको अब 25 दिनों का इंतज़ार करना होगा. यह नियम विशेषकर उन लोगों के लिए है जिनके पास DBC (Double Bottle Connection) है, यानी जिनके पास दो गैस सिलेंडर हैं.
हर कैटेगरी के लिए अलग-अलग समय सीमा
गैस कंपनियों ने हर श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग समय सीमा तय की है. गैस कंपनियों के अनुसार, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूसरे सिलेंडर के लिए अब 45 दिनों का इंतज़ार करना होगा. वहीं सिंगल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ता भी 25 दिनों के अंतराल के बाद ही अगली बुकिंग कर सकेंगे.
ओटीपी और ई-केवाईसी अनिवार्य
अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय OTP बताना अनिवार्य है और e-KYC न होने पर बुकिंग रद्द हो सकती है. इसका मकसद फर्जी बुकिंग रोकना है. सरकार साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर देती है. इससे ज्यादा जरूरत होने पर आपको कंपनी के ऐप या पोर्टल पर कारण बताते हुए जानकारी देनी होगी.