NEET UG Re Exam Updates: नीट छात्रों के लिए खुशखबरी! NTA ने बढ़ाया परीक्षा का समय, रफ वर्क के लिए मिलेगी ज्यादा जगह
NEET UG 2026 परीक्षा के नियमों में हुआ बदलाव
NEET UG Re Exam Updates: NTA (National Testing Agency) ने NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा में बैठने वाले लाखों स्टूडेंट्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है. 21 जून 2026 को देशभर में नीट 2026 की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए NTA ने कुछ अहम बदलाव किए हैं. अब नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा, जिससे छात्रों को पेपर हल करने के लिए अधिक समय मिल सकेगा. इसके अलावा, क्वेश्चन पेपर में रफ कार्य करने के लिए जगह भी बढ़ा दी गई है. NTA ने यह बदलाव पूरी तरह से छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया है.
NTA ने बढ़ाया परीक्षा का समय
NTA के अनुसार, NEET UG 2026 परीक्षा के समय में बदलाव कर इसकी अवधि बढ़ा दी गई है. इस बार NEET UG 2026 परीक्षा का कुल समय 195 मिनट रहेगा. NTA ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी और शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. इसी निर्धारित समय में परीक्षा से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली जाएंगी. NTA का कहना है कि उम्मीदवारों से मिले फीडबैक के बाद ही यह निर्णय लिया गया है. इससे छात्रों को पेपर हल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा और उन्हें प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.
प्रश्न पत्र में रफ वर्क के लिए ज्यादा जगह
इसके अलावा, अब छात्रों को रफ वर्क के लिए पहले से ज्यादा स्थान मिल सकेगा. NTA ने इसके लिए क्वेशन पेपर में एक्स्ट्रा पन्ने जोड़ने का निर्णय लिया है, ताकि कैलकुलेशन और डायग्राम बनाने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके. बता दें कि पहले रफ वर्क के लिए स्थान केवल क्वेश्चन पेपर के अंत में दिया जाता था, लेकिन अब रफ कार्य के लिए क्वेश्चन पेपर के शुरुआत में भी पन्ने उपलब्ध होंगे. इससे छात्रों को बार-बार पीछे के पन्ने पलटने की जरूरत नहीं होगी और वे बेहद आसानी से अपना रफ कार्य कर सकेंगे.
NTA ने छात्रों के लिए जारी किया निर्देश
वहीं NTA की तरफ से नीट के लाखों उम्मीदवारों के लिए जरूरी निर्देश भी जारी किए गए हैं. NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि सभी छात्र एडमिट कार्ड और इंफॉर्मेशन बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को बड़े ध्यान से पढ़ें और परीक्षा केंद्र पर सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें. यह सभी बदलाव विद्यार्थियों को बड़ी राहत देने और परीक्षा के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं.