सावधान! PNG कनेक्शन के नाम पर हो रहा है बड़ा स्कैम, एक छोटी सी गलती और बैंक खाता साफ
PNG गैस कनेक्शन स्कैम से कैसे बचें
PNG Gas Connection Scam: आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं. हाल ही में PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन के नाम पर एक बड़ा स्कैम सामने आया है. दरअसल, गैस की किल्लत को देखते हुए सरकार ने लोगों को LPG से PNG पर शिफ्ट होने की सलाह दी थी और अब जालसाज इसी बात का फायदा उठा रहे हैं. वे फर्जी कनेक्शन या अपडेट के बहाने मासूम लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से बड़ी रकम उड़ा रहे हैं. इसलिए ऐसे किसी भी अनजान कॉल या मैसेज से सावधान रहना और सतर्कता बरतना बहुत जरूरी है.
PNG गैस स्कैम क्या है?
जालसाज अब गैस कंपनी के अधिकारी बनकर लोगों को फर्जी कॉल या मैसेज के जरिए डरा रहे हैं. वे अक्सर यह धमकी देते हैं कि अगर तुरंत पेमेंट नहीं किया गया, तो गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा. इस हड़बड़ी में वे लोगों को फर्जी लिंक, QR कोड या पेमेंट रिक्वेस्ट भेजते हैं. घबराहट और जल्दबाजी में लोग बिना किसी जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर कर देते हैं और अपनी जमा पूंजी गंवा बैठते हैं. ऐसे किसी भी फेक मैसेज और कॉल पर बिना जांचे पेमेंट न करें.
ठग किन लोगों को निशाना बना रहे हैं?
सरकार के आदेश के अनुसार, जिन क्षेत्रों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां के निवासियों को जल्द से जल्द PNG में शिफ्ट होने को कहा गया था. साइबर अपराधी इसी मौके का लाभ उठाकर खास तौर पर इन इलाकों के लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं. अब तक सबसे अधिक मामले दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे बड़े शहरों से सामने आए हैं. जालसाज सीधे कॉल या मैसेज के जरिए लोगों को धमकाते हैं कि ‘अभी भुगतान करें, नहीं तो आपका कनेक्शन काट दिया जाएगा.’ इसी डर के कारण लोग जल्दबाजी में पेमेंट कर देते हैं, जिसका सीधा फायदा इन ठगों को होता है.
ये भी पढ़ें-LPG New Rule: 1 मई से बदल जाएंगे एलपीजी बुकिंग के नियम, अब बिना OTP नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर
कैसे पहचानें फेक मैसेज और लिंक?
- ठगी से बचने के लिए सबसे पहले मैसेज भेजने वाले नंबर की जांच करें.
- याद रखें कि फर्जी मैसेज में अक्सर डराने-धमकाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया जाता है और आप पर तुरंत पैसे देने या कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाता है.
- जब भी कोई आपको जल्दबाजी करने के लिए मजबूर करे, तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ है.
- असली कंपनियां हमेशा शांति से बात करती हैं और वे कभी भी ग्राहकों पर दबाव नहीं डालतीं और न ही वे पेमेंट के लिए कोई फेक लिंक या QR कोड भेजती हैं.