राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत, फिंगरप्रिंट फेल होने पर अब ‘फेस वेरिफिकेशन’ से मिलेगा राशन
राशन कार्ड
PDS Ration Face Authentication Facility: राशन कार्ड धारकों के लिए एक नई सुविधा की घोषणा की गई है. 1 अक्टूबर 2026 से e-PDS में फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा शुरू की जाएगी. इसके बाद राशन की दुकान पर फिंगरप्रिंट से पहचान करने में परेशानी होने पर लाभार्थी चेहरे के जरिए अपना वेरिफिकेशन कर सकेंगे. इस सुविधा के लिए राशन दुकानों पर लगी e-PoS मशीनों को अपडेट किया जाएगा.
1 अक्टूबर से शुरू होगी नई सुविधा
29 सितंबर 2026 को 17वें आधार दिवस के मौके पर e-PDS में फेस ऑथेंटिकेशन को शामिल करने की जानकारी दी गई. नई व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण की प्रक्रिया को आसान और डिजिटल बनाना है. इसके तहत पात्र लाभार्थी राशन लेते समय मशीन के सामने अपना चेहरा दिखाकर पहचान सत्यापित कर सकेंगे.
फिंगरप्रिंट फेल होने पर मिलेगी राहत
कई बार फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के कारण लोगों को राशन लेने में परेशानी होती है. खासकर बुजुर्गों और मजदूरी करने वाले लोगों के लिए यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. लगातार मेहनत करने से कुछ लोगों की उंगलियों के निशान हल्के हो जाते हैं, जिससे मशीन पर पहचान नहीं हो पाती. नई सुविधा ऐसे लोगों के लिए वैकल्पिक रास्ता देगी.
चेहरे से होगा पहचान का वेरिफिकेशन
अगर राशन की दुकान पर फिंगरप्रिंट से पहचान नहीं हो पाती है, तो लाभार्थी फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प इस्तेमाल कर सकेगा. e-PoS मशीन के जरिए चेहरे का वेरिफिकेशन किया जाएगा. पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थी को राशन दिया जाएगा. इससे बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में आने वाली परेशानियां कम करने में मदद मिल सकती है.
e-KYC प्रक्रिया को भी मिलेगा बढ़ावा
राशन कार्ड धारकों की पहचान को आधार से जोड़ने के लिए e-KYC की प्रक्रिया पहले से जारी है. फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा इसी डिजिटल व्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला कदम है. इससे उन लाभार्थियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें बार-बार फिंगरप्रिंट फेल होने की समस्या का सामना करना पड़ता है.