प्राणप्रतिष्ठा के बाद पहली बार राम मंदिर जाएंगे अखिलेश यादव, सपा नेता पवन पांड ने बता दी तारीख

उत्तर प्रदेश में साल 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इसी बीच अखिलेश यादव ने अपने अयोध्या दौरे का ऐलान कर दिया है, वह राम मंदिर भी दर्शन के लिए जाएंगे.
Akhilesh Yadav

अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में साल 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इसी वजह से यूपी में सियासी दलों की हलचल भी देखने को मिल रही है. भाजपा-सपा समेत सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी है. एक तरफ भाजपा जहां कई तरह की योजनाएं चलाकर जनता का विश्वास जीतना चाहती है तो वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपना सबसे बड़ा दांव चल दिया है.

अयोध्या दौरा और रामलला के दर्शन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर (अयोध्या) जाने का फैसला किया है. गौरतलब है कि जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव अभी तक रामलला के दर्शनों के लिए नहीं गए हैं. अब चुनावों से ठीक पहले उनका यह अयोध्या दौरा और रामलला के दर्शनों का प्लान बड़ा चुनावी दांव माना जा रहा है. राजनीति के जानकारों का मानना है कि अखिलेश का ये दौरा अयोध्या और हिंदू वोटरों को साधने का काम कर सकता है.

सपा नेता ने दी कार्यक्रम की जानकारी

समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडे ने एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव के इस दौरे के बारे में जानकारी दी है. पंचायत आजतक के दौरान पवन पांडे से अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार सवाल उठा रहे थे कि अखिलेश यादव राम मंदिर क्यों नहीं जाते, वह खुद हनुमानगढ़ी जाते हैं और उनकी श्रद्धा भी है.

अयोध्या दौरे की जानकारी

इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी दी. पवन पांडे ने कहा कि राम मंदिर के बारे में बहुत बड़ी ब्रेकिंग आपको दे रहा हूं. अखिलेश राम मंदिर दर्शन करने आ रहे हैं. जब उनसे तारीख पूछी गई तो उन्होंने 12 दिसंबर बताया. पवन पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे. सबसे पहले हनुमानगढ़ी के बजरंग बली स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे. इस दौरान डिंपल यादव और उनके दोनों बच्चे भी साथ रहेंगे.

ज़रूर पढ़ें