चुनाव से पहले जेल से बाहर आ पाएंगे आजम खान? हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी सस्पेंस
आजम खान बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ (फाइल फोटो)
Azam Khan Gets Bail: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के सीनियर लीडर आजम खान को लंबे समय बाद कोई अच्छी खबर मिली है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें दो पैन कार्ड रखने के मामले में जमानत दे दी है. इसके साथ ही उनकी सजा को भी सस्पेंड कर दिया है. इस मामले में आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम को राहत मिली है. खास बात यह है कि आजम के जेल से बाहर आने को लेकर अब तक संशय बना हुआ है. वहीं उनके बेटे अब्दुल्ला आजम का जेल से बाहर आना तय माना जा रहा है.
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों के भीतर चुनाव हैं. ऐसे में अगर आजम खान जेल से बाहर आते हैं तो समाजवादी पार्टी के लिए शुभ संकेत हो सकता है.क्योंकि भले ही आजम जेल में रहे हों लेकिन कई सीटों पर सीधे तौर पर आज भी उनका दखल है. दूसरी तरफ कुछ दिन पहले ही अखिलेश यादव ने भी जेल पहुंचकर आजम से मुलाकात की थी.
क्यों जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे आजम?
जस्टिस समित गोपाल की एकल बेंच ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम की आपराधिक पुनरीक्षण याचिकाओं पर यह फैसला सुनाया है. आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान को दो पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को 7-7 साल की सजा सुनाई गई थी. इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था. दोनों बाप बेटे करीब 11 महीने 12 दिन से जेल में बंद हैं. कोर्ट के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि बेटा अब्दुल्ला तो जेल से बाहर आ सकता है.
लेकिन आजम के बाहर आने को लेकर अब तक सस्पेंस है. क्योंकि आजम के खिलाफ अभी दो पेंडिंग केस हैं. एक मामला ईडी ने हाल ही में दर्ज किया है. जबकि एक माला 10 सितंबर का है, जिसमें यूपी विजिलेंस ने आजम के खिलाफ केस दर्ज किया था. वकील की मानें तो इन मामलों में अब तक वारंट जारी नहीं किया गया है. अगर वारंट आगे भी जारी नहीं होता है. तो आजम भी जेल से बाहर आ सकते हैं.
एक दिन पहले ही हुई थी संपत्ति अटैच
आजम खान को यह राहत ऐसे समय मिली है, जब एक दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी संपत्ति अटैच की गई थी. इसके कुछ दिन पहले ही पूछताछ के बाद आजम और कई अन्य लोगों पर ईडी ने केस दर्ज कराया था.
ये भी पढ़ें: अगर आप भी कर चुके हैं इस तरह का कोई कांड? तो नहीं मिलेगी UP में सरकारी नौकरी