Slipper And Chair Attack: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पंचायत के दौरान जमकर मारपीट हो गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार, पहले शिकायतकर्ता और प्रधान पक्ष के बीच तीखी नोकझोक और गाली-गलौज हुई, फिर देखते ही देखते कुर्सियां और चप्पलें चलने लगीं. इस दौरान कई लोग घायल हुए. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बागपत का चाट युद्ध काफी फेमस है. अब चाट युद्ध के बाद कुर्सी युद्ध भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, बागपत के बोढा गांव में विकास कार्यों में कथित घोटाले की जांच करने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंची थी, लेकिन इस दौरान प्रशासनिक टीम के सामने ही पंचायत भवन अखाड़े में तब्दील हो गया. यह शिकायत गांव के ही जसवीर नामक एक व्यक्ति ने दर्ज कराई थी. जिसमें प्रधान और पंचायत सचिव पर विकास कार्यों में गड़बड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया था.
'बागपत में चाट युद्ध के बाद कुर्सी युद्ध'
— Raju Sharma journalist (@RajuSharmajour1) June 25, 2026
बागपत में चाट युद्ध के बाद कुर्सी युद्ध हुआ. जमकर एक दूसरे पर कुर्सियों से वार किए गए. सचिवालय में अफसर, पुलिस के सामने प्रधान प्रतिनिधि और शिकायतकर्ताओं के बीच युद्ध हुआ. युद्ध की वजह विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत करना बताया… pic.twitter.com/cPkfJLXpMo
शिकायत के आधार पर प्रशासनिक टीम जांच करने पहुंची तो दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. जिसमें काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जांच अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों को अपना-अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था, लेकिन जांच प्रक्रिया के दौरान ही शिकायतकर्ता पक्ष और प्रधान पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दिए. इस दौरान एक दूसरे पर चप्पलों और कुर्सियों से हमला कर दिया.
ये भी पढ़ेंः मुजफ्फरनगर में पिटबुल के खौफ में कैद थी जिंदगी! सूखी रोटी पर 24 घंटे काम करने को मजबूर, पुलिस ने छुड़ाए 12 मजदूर
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जब यह विवाद हुआ, उस दौरान पुलिस भी मौजूद रही. पुलिस और अधिकारियों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझाइश दी. लेकिन मारपीट की घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
