मुजफ्फरनगर में पिटबुल के खौफ में कैद थी जिंदगी! सूखी रोटी पर 24 घंटे काम करने को मजबूर, पुलिस ने छुड़ाए 12 मजदूर
पुलिस ने मजदूरों को निकाला बाहर
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 12 मजदूरों को कथित तौर पर बंधक बनाकर अमानवीय परिस्थितियों में काम कराया जा रहा था. पुलिस की कार्रवाई के बाद इन मजदूरों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
मजदूरों ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उनसे दिन-रात काम लिया जाता था. उन्हें आराम का मौका भी नहीं दिया जाता है. कई-कई घंटों तक काम के बाद भी खाने के नाम पर केवल सूखी रोटी दी जाती थी. मजदूरों का आरोप है कि मालिक और उसके लोग उन पर लगातार नजर रखते थे ताकि कोई वहां से भाग न सके.
पिटबुल रखते थे मजदूरों पर नजर
सबसे डरावनी बात यह थी कि परिसर में पिटबुल कुत्ते रखे गए थे. मजदूरों का कहना है कि उन्हें डराया जाता था कि अगर किसी ने भागने की कोशिश की तो कुत्ते छोड़ दिए जाएंगे. इसी डर के कारण कई मजदूर लंबे समय से वहां फंसे हुए थे. बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे.
छापेमारी के बाद छुड़ाए गए मजदूर
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. जांच के दौरान 12 मजदूर वहां मिले, जिन्हें तुरंत मुक्त कराया गया. पुलिस ने सभी मजदूरों से बातचीत कर उनकी स्थिति और काम कराने के तरीके के बारे में जानकारी जुटाई.
आर्थिक मजबूरी के कारण फंसे मजदूर
मजदूरों ने बताया कि उनसे लंबे समय तक काम कराया जाता था, जबकि सुविधाएं बेहद कम थीं. कई लोग अपने घरों से दूर थे और आर्थिक मजबूरी के कारण इस हालात में फंस गए थे. कुछ मजदूरों ने यह भी कहा कि वे काफी समय से परिवार से ठीक से संपर्क नहीं कर पा रहे थे.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मजदूरों को किन परिस्थितियों में रखा गया था तथा इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं. मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और उनकी मदद के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:‘बेसमेंट में कोचिंग क्लास नहीं चलेगी’, लखनऊ अग्निकांड के बाद CM योगी का बड़ा फैसला