कुंडा की रामकथा या सियासी शक्ति प्रदर्शन, राजा भैया के मंच से 2027 के लिए क्या संदेश निकला?
राजा भैया और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री(कुंडा की रामकथा)
उत्तर प्रदेश की सियासत में कुंडा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के बहाने राजा भैया के गढ़ में उमड़ी भारी भीड़ और एक मंच पर जुटे प्रभावशाली नेताओं ने 2027 के चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरणों की अटकलें तेज कर दी हैं. सवाल है-क्या यह आयोजन सिर्फ आस्था का महाकुंभ था या फिर इसके पीछे कोई बड़ा सियासी संदेश भी छिपा है?
“दबदबा पहले भी था, दबदबा आज भी है और दबदबा आगे भी रहेगा…” प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के मंच से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ये शब्द गूंजे, तो सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई. मंच पर मौजूद चेहरों और पंडाल में उमड़ी भीड़ ने इस आयोजन को महज एक धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहने दिया.
रघुराज प्रताप सिंह की मजबूत पकड़
यह वही कुंडा है, जहां से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया लंबे समय से अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन करते आए हैं. कभी ‘कुंडा का गुंडा’ कहे गए राजा भैया पर पोटा (POTA) जैसे सख्त कानून के तहत कार्रवाई हुई, लेकिन प्रदेश में सरकारें बदलती रहीं और उनकी सियासी हैसियत बनी रही. फिलहाल उनके राजनीतिक सफर के उतार-चढ़ाव से ज्यादा चर्चा उनके गढ़ में हुए इस भव्य आयोजन और उसके सियासी संदेश की है.
आस्था के मंच पर दिखा जनाधार और राजनीतिक ताकत
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा से पहले कुंडा के करीब 200 गांवों और आठों दिशाओं से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आयोजन की एक खास बात यह भी रही कि इसकी कमान राजा भैया के बेटों ने संभाली. इसे उनकी राजनीतिक विरासत और अगली पीढ़ी की सार्वजनिक सक्रियता के संकेत के तौर पर भी देखा गया.
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिदिन लाखों लोगों की मौजूदगी का दावा किया गया. इतनी बड़ी भीड़ ने एक बार फिर कुंडा और आसपास के इलाकों में राजा भैया के प्रभाव को चर्चा में ला दिया.
हालांकि, इस आयोजन की सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चा भीड़ से नहीं, बल्कि उस मंच से हुई, जिस पर अलग-अलग क्षेत्रों और राजनीतिक पृष्ठभूमि के कई प्रभावशाली चेहरे एक साथ नजर आए.
एक मंच पर पुराने प्रतिद्वंद्वी, सियासत में नई हलचल
रामकथा के मंच पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, कुंवर मानवेंद्र सिंह, संजीव बालियान, दिनेश प्रताप सिंह, राकेश प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह, विनीत सिंह, सुशील सिंह, टी. राजा सिंह और राजस्थान के विधायक रविंद्र सिंह भाटी जैसे नामों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया.
इनमें कई ऐसे नेता हैं, जिनकी अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत राजनीतिक या सामाजिक पकड़ मानी जाती है. कुछ की पहचान बाहुबली छवि से जुड़ी रही है, तो कुछ का प्रभाव जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों में अहम माना जाता है.
इसके अलावा योग गुरु बाबा रामदेव, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी और अयोध्या की हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास की मौजूदगी ने मंच को धार्मिक और सामाजिक पहचान भी दी.
राजनीतिक रूप से सबसे अहम बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक खेमों और आपसी प्रतिद्वंद्विता के लिए पहचाने जाने वाले कई चेहरे एक ही मंच पर दिखाई दिए. ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या यह केवल धार्मिक आयोजन में नेताओं की उपस्थिति थी या 2027 से पहले किसी नए सामाजिक-राजनीतिक संवाद की शुरुआत?
अखिलेश यादव के बयान से बढ़ा राजनीतिक तापमान
इस आयोजन को सियासी रंग मिलने की एक वजह इससे पहले हुई बयानबाजी भी रही. भगवान राम और कृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कुछ टिप्पणियों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आपत्ति जताई थी. उन्होंने प्रदेश में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई थी.
अखिलेश ने कथाओं के जरिए जनसमर्थन जुटाने की कोशिशों पर भी सवाल खड़े किए. इसके बाद सोशल मीडिया पर सपा समर्थकों और राजा भैया के समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हुए.
दूसरी ओर, राजा भैया ने कथा का विरोध निराधार बताते हुए इसे अपना संवैधानिक अधिकार कहा और स्पष्ट किया कि आयोजन का 2027 के विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है. वहीं, कथा में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे राजनीतिक मंच बताए जाने को विपक्ष का ‘दृष्टिदोष’ करार दिया. बयानबाजी अपनी जगह है, लेकिन इतना जरूर है कि इस आयोजन ने धर्म और राजनीति के रिश्ते पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है.
क्या ठाकुर राजनीति में नए समीकरण बन रहे हैं?
कुंडा के इस मंच की सबसे अहम राजनीतिक व्याख्या क्षत्रिय यानी ठाकुर समाज के प्रभावशाली चेहरों की मौजूदगी से जुड़ी है. उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ चुनावों से ठाकुर समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी, प्रतिनिधित्व और कथित नाराजगी को लेकर चर्चाएं होती रही हैं.
ऐसे में राजा भैया, बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और दूसरे प्रभावशाली नेताओं का एक साथ नजर आना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, किसी धार्मिक मंच पर इन नेताओं की मौजूदगी को सीधे ठाकुर वोटों के ध्रुवीकरण का प्रमाण मानना जल्दबाजी होगी. लेकिन यह तस्वीर इस समाज के प्रभावशाली नेताओं के बीच संवाद और एकजुटता की संभावनाओं पर चर्चा जरूर बढ़ाती है.
प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गोंडा, बहराइच, अयोध्या और सुल्तानपुर जैसे पूर्वांचल और अवध के जिलों में इन नेताओं का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रभाव माना जाता है. ऐसे में इनके बीच किसी भी तरह का राजनीतिक तालमेल क्षेत्रीय चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है.
इसी कड़ी में जोधपुर से आए पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी परिवारों के ठहरने और उनके अयोध्या-काशी दर्शन की व्यवस्था तथा मंच से सनातन परंपरा और हिंदू राष्ट्र से जुड़े विमर्श ने आयोजन को व्यापक हिंदुत्व की राजनीति से भी जोड़ दिया. इससे राजा भैया की छवि को कुंडा और प्रतापगढ़ से आगे ले जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हुई है.
बीजेपी के लिए चुनौती या गठबंधन की नई जमीन?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू बीजेपी के साथ राजा भैया के संभावित राजनीतिक रिश्ते हैं. एक तरफ जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की बढ़ती राजनीतिक महत्वाकांक्षा बीजेपी के लिए चुनौती बन सकती है, तो दूसरी तरफ दोनों के बीच संभावित तालमेल की अटकलें भी लगाई जा रही हैं.
2022 के विधानसभा चुनाव में कुंडा सीट पर राजा भैया की जीत का अंतर पहले के मुकाबले कम हुआ था. इसके बावजूद उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी. अब अगर 2027 में उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है और ठाकुर, ब्राह्मण या दूसरे सवर्ण मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने में सफल रहती है, तो कुछ सीटों पर बीजेपी के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं.
वहीं, कथा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और योगी सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यह तस्वीर इस संभावना को भी जगह देती है कि चुनाव से पहले राजा भैया और बीजेपी के बीच किसी तरह का रणनीतिक तालमेल बन सकता है.
चर्चा यह भी है कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक 2027 में सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर सकती है. हालांकि, पार्टी की वास्तविक चुनावी रणनीति और गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है. बड़ा सवाल यही है कि राजा भैया अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल स्वतंत्र चुनावी विस्तार के लिए करेंगे या किसी बड़े गठबंधन में अपनी मोलभाव की ताकत बढ़ाने के लिए?
2027 से पहले बिछने लगी सियासी बिसात
कुंडा की रामकथा ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या राजा भैया अपने प्रभाव को क्षेत्रीय राजनीति से आगे ले जाने की तैयारी में हैं? क्या ठाकुर समाज के प्रभावशाली नेताओं के बीच कोई नया राजनीतिक समीकरण आकार ले रहा है? और क्या यह सब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी, सपा और दूसरे दलों के लिए नई चुनौती बन सकता है?
फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं. किसी एक आयोजन या मंच पर जुटी भीड़ को सीधे चुनावी समर्थन में बदलकर नहीं देखा जा सकता. चुनाव में असली ताकत उम्मीदवारों, संगठन, बूथ प्रबंधन और जनता के वोट से तय होती है.
लेकिन इतना तय है कि कुंडा में सजी इस भव्य रामकथा ने राजा भैया के प्रभाव, उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और उत्तर प्रदेश में बनते नए समीकरणों पर बहस को फिर तेज कर दिया है.
अब देखना होगा कि यह आयोजन केवल आस्था और शक्ति प्रदर्शन की यादगार तस्वीर बनकर रह जाता है या 2027 की सियासत में किसी नए अध्याय की भूमिका तैयार करता है.



