UP News: एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की थी साजिश, लेखपाल समेत 4 के खिलाफ FIR
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की जमीन हड़पने की साजिश
UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नजीबाबाद तहसील में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन को कथित तौर पर हड़पने की साजिश का मामला सामने आया है. कमलनाथ की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए जमीन पर दावा करने का मामला सामने आया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि लेखपाल समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
तहसीलदार कोर्ट में चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी कमलनाथ ने नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय महेंद्रनाथ की नजीबाबाद के अमीखानपुर गांव में खेती की जमीन है. जमीन की विरासत दर्ज कराने के लिए 18 मई 2026 को नजीबाबाद तहसीलदार की अदालत में आवेदन दिया गया था.
लेखपाल की रिपोर्ट के बाद सामने आया मामला
आवेदन के बाद हल्का लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट में जमीन को विवादित बताते हुए रिपोर्ट भेजी. इसके बाद जानकारी सामने आई कि तहसीलदार की अदालत में इस जमीन को लेकर धर्मपाल बनाम ग्राम सभा के नाम से वाद चल रहा है. इस मामले में धर्मपाल सिंह की ओर से एक वसीयत प्रस्तुत की गई थी, जो पंजीकृत नहीं थी.
मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर भी उठे सवाल
जांच में मृत्यु प्रमाण पत्र भी संदिग्ध मिला. पुलिस के अनुसार, महेंद्रनाथ का एक मृत्यु प्रमाण पत्र 10 अप्रैल 2003 को नजीबाबाद से जारी हुआ था, जबकि कमलनाथ की शिकायत के मुताबिक उनके पिता की मृत्यु 7 सितंबर 2004 को दिल्ली में हुई थी. इसी आधार पर पुलिस ने दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ाई.
चार लोगों पर साजिश रचने का आरोप
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के अनुसार, धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, नजीबाबाद निवासी विजय शंकर पांडेय और हल्का लेखपाल डेविड कुमार पर साजिश रचकर जमीन को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने और बाद में बेचने की कोशिश करने का आरोप है.
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में सामने आया कि विजय शंकर ने कथित तौर पर फर्जी वसीयत टाइप की थी. पुलिस अब जसबिंदर सिंह ढिल्लो और लेखपाल डेविड कुमार की तलाश कर रही है. प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय, सीओ नजीबाबाद और थाना प्रभारी अमित कुमार भी मौजूद रहे.
ये भी पढे़ं- ‘BJP के प्रत्याशियों को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र देना लोकतंत्र से धोखा’, मीनाक्षी नटराजन मामले पर कमलनाथ का हमला