यूपी में दिवाली से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ छापेमारी, मिठाई में घूमते मिले चूहे, 229 दुकानों को नोटिस
यूपी में दिवाली से पहले मिलावट खोरों पर FSDA का एक्शन
Diwali Food Safety Raid: दिवाली का त्योहार आने वाला है. दिवाली पर लगभग हर किसी घर पर मिठाई आती है. बाजारों, दुकानों पर मिठाइयों की बाढ़ आ जाती है. मिठाई की दुकानों पर भीड़ लग जाती है. लेकिन क्या आपको पता है कि इन दिनों मिलने वाली मिठाइयों में क्या-क्या मिलाया जाता है. अगर आप भी मिठाई खरीदने की सोच रहे हैं, तो थोड़ा सतर्क जरूर रहें. उत्तर प्रदेश में फूड शेफ्टी डिपार्टमेंट ने मिठाई की दुकानों पर छापा मारा तो हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. अधिकारियों ने जांच के बाद 229 प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया है.
दरअसल, त्योहारों को मद्देनजर रखते हुए यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने शुद्ध ही शुभ है अभियान चलाकर बड़ा एक्शन लिया है. प्रदेश के 38 जिलों की करीब 260 दुकानों की जांच की गई. जहां काफी गड़बड़ियां पाई गईं. गंदगी देख अधिकारी भड़क उठे और एक्शन लेने की बात कही. त्योहार से पहले फूड विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है.
मिठाई में घूमते मिले चूहे
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कहीं मिठाइयों के ऊपर चूहे घूमते मिले, तो कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार होते मिलीं. साफ-सफाई का बिल्कुल इंतजाम नहीं किया गया था. नियमों की फुल अनदेखी की जा रही थी. जांच के दौरान कमियां पाए जाने के बाद लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं.
ये भी पढ़ेंः दशहरे में 500 से ज्यादा हथियारों की पूजा करने वाले राजा भैया को किसने दी जान से मारने की धमकी?
15 लाख रुपए से ज्यादा की सामग्री जब्त
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर 15 दुकानों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सस्पेंड करने की सिफारिश की गई है. इस दौरान करीब 15.40 लाख रुपए की सामग्री भी जब्त की गई. जांच में पाया गया कि एक ही तेल को बार-बार गर्म करके उपयोग में लाया जा रहा है. अखबार के ऊपर मिठाइयां रखी हैं. साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया है.