अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से ट्रंप को तगड़ा झटका, टैरिफ को बताया गैरकानूनी, अब यूएस राष्ट्रपति के पास क्या हैं विकल्प?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(File Photo)
Trump Tariff: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. लंबे वक्त तक चली सुनवाई के बाद अपना फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने ट्रंप की तरफ से दूसरे देशों पर लगाए गए टैरिफ को गैरकानूनी करार दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि ट्रंप ने नेशनल इमरजेंसी के लिए रखे गए कानून का इस्तेमाल करके दूसरे देशों पर बड़े टैरिफ लगाकर अपने अधिकारों का उल्लंघन किया है. निचली अदालतों ने भी टैरिफ के मामले में यही बातें कही थीं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रपति को ऐसे टैरिफ लगाने के लिए कांग्रेस की मंजूरी दिखानी होगी. वो बिना मंजूरी के इस तरह टैरिफ नहीं लगा सकते हैं.
भारत समेत कई देशों पर लगाया अतिरिक्त टैरिफ
बता दें कि ट्रंप ने भारत, ब्राजील, चीन समेत कई देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया था. रूसी तेल खरीदने से नाराज ट्रंप ने भारत पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ (कुल 50 फीसदी) थोप दिया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कारोबार प्रभावित होने लगे थे. हालांकि, कुछ दिनों पहले ही ट्रंप ने भारत के ऊपर से अतिरिक्त 25 टैरिफ हटाने और वर्तमान 25 टैरिफ को घटाकर 18% फीसदी करने का ऐलान किया था. साथ ही भारत के साथ ट्रेड डील पर सहमति का भी ऐलान किया था.
ट्रंप ने हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया टैरिफ
ट्रंप सीधे तौर पर दूसरे देशों को टैरिफ लगाने की धमकी देने लगे थे और ट्रेड डील के लिए दूसरे देशों को मजबूर करने की कोशिश की. इसका असर ये हुआ कि दुनिया भर में शेयर बाजार में अस्थिरता का माहौल देखने को मिलने लगा.
ट्रंप ने पिछले 10 महीनों में दूसरे देशों से मनमाफिक टैरिफ वसूले. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस दौरान जो टैरिफ वसूले गए, उनको लेकर रिफंड की पॉलिसी क्या होगी, या फिर इस आदेश का उस पर कोई असर नहीं होगा.
ट्रंप के पास क्या हैं विकल्प?
फिलहाल, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 से दिए अपने फैसले में ट्रंप को झटका दिया है. इसके बाद ट्रंप के पास 3 विकल्प बचते हैं.
- ट्रंप के पास फिलहाल इमरजेंसी पावर हैं, जिनका इस्तमाल करके टैरिफ को कुछ महीनों तक जारी रख सकते हैं.
- दूसरा ये कि अब ट्रंप टैरिफ पर बिल लगाकर इसे कानूनी रूप से वैध बना सकते हैं.
- तीसरा ये कि कोर्ट के आदेश के बाद ट्रंप अपना दूसरे देशों से अलग-अलग ट्रेड डील कर सकते हैं. फिलहाल, कई देशों के साथ अमेरिका की ट्रेड डील पर सहमति भी बन गई है.
अब जबकि, सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ को गैरकानूनी बता दिया है, ऐसे में आने वाले समय में ट्रंप क्या कदम उठाते हैं, ये देखना होगा.
ये भी पढे़ं- ईरान पर अमेरिका करेगा हमला? ट्रंप का ‘टू-फेज प्लान’ तैयार! नहीं माने खामेनेई तो क्या होगा