रायबरेली में भीषण सड़क हादसा, गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने 8 युवतियों को रौंदा, 4 की मौत

Raebareli Road Accident: रायबरेली में एक तेज रफ्तार ने 8 युवतियों को टक्कर मार दी, जिसमें 4 की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं.
Road accident

सांकेतिक तस्वीर

Raebareli Road Accident: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार की रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 4 युवतियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुआ. जहां 8 युवतियां सामुदायिक भोज में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रही थीं. इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में 4 युवतियों की जान चली गई, वहीं एक युवती हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. इस हादसे में शालिनी और हिमांशी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रश्मि और आशमां की इलाज के दौरान मौत हो गई. साधना, रेशमा, मीना और प्रिया पटेल घायल अवस्था में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है.

कार चालक टक्कर मारने के बाद फरार

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृश्टया ऐसा लग रहा है कि कार काफी तेज स्पीड में रही, जिसकी वजह से अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है. घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे.

ये भी पढ़ेंः सिंधु जल समझौता सस्पेंड होने के बाद मोदी सरकार की बड़ी तैयारी, चिनाब नदी पर हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को मंजूरी

2 किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे के बाद लक्ष्मणपुर रेलवे क्रासिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर जाम लग गया. हालांकि पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवा दिया. हादसे को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा, “यह हादसा निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुआ. चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं. जिस वाहन से हादसा हुआ है, उसे जब्त कर लिया गया है. चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं. उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

ज़रूर पढ़ें